नवगछिया : नवगछिया बाजार के मुख्य सड़क स्टेशन रोड में अतिक्रमणकारियों द्वारा अतिक्रमण कर सड़क पर दुकान लगाने के बाद सड़क को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए अनुमंडल पदाधिकारी डॉक्टर आदित्य प्रकाश ने नवगछिया अंचलाधिकारी कृष्ण यादव एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी नवगछिया राजीव कुमार को आवश्यक निर्देश दिया है. अनुमंडल पदाधिकारी के निर्देश पर प्रशासन द्वारा पिछले शनिवार को अतिक्रमणकारियों को 2 दिनों के अंदर सड़क को अतिक्रमण मुक्त करने का चेतावनी दी थी. प्रशासन द्वारा 2 दिनों के अल्टीमेटम के बावजूद भी अतिक्रमणकारियों के कानों पर जूं तक नहीं रेंगी. इसके बाद आज प्रशासन ने कड़ा रुख अख्तियार करते हुए सड़क को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए बल प्रयोग करते हुए अभियान की शुरूआत की.
इससे अतिक्रमणकारियों के बीच हड़कंप मच गया. प्रशासन ने पहले चरण में मुख्य सड़क पर बेरोकटोक यत्र-तत्र चार पहिया वाहन, ट्रैक्टर, मोटरसाइकिल,एवं ट्रक लगाने वाले चालको को चेतावनी देते हुए मुख्य सड़क से यत्र-तत्र लगाए गए गाड़ीयो को हटाया गया. दूसरे चरण में प्रशासन ने जैसे ही अतिक्रमणकारियों द्वारा सड़क किनारे अतिक्रमण कर लगाए गए दुकान को हटाना शुरू किया वैसे ही बारिश शुरु हो गई. ऐन मौके पर बारिश शुरू हो जाने के फलस्वरुप अभियान को तत्काल रोक दिया गया. आज फिर से प्रशासन द्वारा अतिक्रमणकारियों को चेतावनी दी गई है कि कल तक अपना दुकान सड़क किनारे से हटा लें अन्यथा अतिक्रमणकारी दुकानदारों के दुकानो के ऊपर बुलडोजर चलेगा. बताते चलें कि पिछले 5 माह पूर्व तत्कालीन प्रशिक्षु अनुमंडल पदाधिकारी राघवेंद्र कुमार के निर्देश पर नवगछिया के बस स्टैंड सहित नवगछिया के मुख्य सड़क को उनके निर्देश पर अतिक्रमणकारीयों से मुक्त कराने का अभियान चलाया गया था.

जिससे कि नवगछिया बस स्टैंड स्थित गैराज मालिकों ,दुकानदारों एवं चालकों के बीच हड़कंप मच गया था. वहीं दूसरी ओर नवगछिया के मुख्य बाजार के स्टेशन रोड में सब्जी दुकानदारों के द्वारा सड़क का अतिक्रमण करने के बाद बुलडोजर से मुख्य सड़क को अतिक्रमण मुक्त कराया गया था. इसके बाद कुछ दिन तक मुख्य बाजार एवं नवगछिया बस स्टैंड अतिक्रमण मुक्त रहा. फिर कुछ दिनों के बाद तत्कालीन अनुमंडल पदाधिकारी के स्थानांतरण के बाद एक और जहां नवगछिया बस स्टैंड पर गैराज मालिका, दुकानदारों एवं चालकों ने सड़क किनारे अपने दुकान एवं गाड़ियों को फिर से लगाना शुरु कर दिया. वहीं दूसरी ओर नवगछिया मुख्य बाजार के सड़कों को भी सब्जी दुकानदारों द्वारा सड़क किनारे दुकान लगाकर अतिक्रमण कर लिया गया है. बताते चलें कि तत्कालीन अनुमंडल पदाधिकारी राघवेंद्र कुमार ने मुख्य बाजार के सड़कों पर सभी दुकानदारों को अतिक्रमण को देखते हुए सब्जी बाजार को यहां से हटा कर रेलवे की जमीन में स्थापित करने का प्रस्ताव तैयार किया था. इस पर मुख्य बाजार के दुकानदारों व्यापारी संघो एवं सब्जी विक्रेताओं ने भी अपनी सहमति दी थी.
परंतु उनके स्थानांतरण के बाद मामला ठंडे बस्ते में चला गया. लिहाजा दुकानदारों ने मुख्य बाजार की सड़कों को फिर से अतिक्रमित कर लिया. इसे देखते हुए अनुमंडल पदाधिकारी डॉक्टर आदित्य प्रकाश ने नवगछिया मुख्य बाजार की सड़कों को अतिक्रमण मुक्त कराने का निर्देश दिया है. इससे सभी नवगछिया के सब्जी विक्रेताओं के बीच फिर से हड़कंप मच गया है. इस बारे में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी सह नवगछीया सीओ उदय कृष्ण यादव ने बताया कि जब तक नवगछिया में पूरी तरह सड़क को अतिक्रमण मुक्त नहीं कर लिया जाता है तब तक यह अभियान अब लगातार चलता रहेगा.


