नवगछिया : नवगछिया के खरीक प्रखंड के बहत्तरा उच्च विद्यालय के मैदान में आयोजित खेल महोत्सव का विधिवत उद्घाटन भागलपुर के आईजी सुनील मानसिंह खोपड़े ने फीता काट कर किया. उद्घाटन समारोह में आईजी ने अपने संबोधन में कहा कि बहत्तरा जैसे गांव में इस तरह का आयोजन होना एक उपलब्धि है. हमारे देश मे हर वर्ग के लोग खेल प्रेमी हैं. उन्होंने अपने संबोधन के माध्यम से आयोजकों को धन्यवाद भी दिया.
Total Downloads: 79
आई जी ने दहेज और बाल विवाह जैसी विसंगतियों के विरुद्ध सरकार द्वारा चलाये जा रहे अभियान की तारीफ की और कहा कि इस अभियान से समाज मे बदलाव आएगा. उन्होंने खिलाड़ियों से अपील करते हुए कहा कि वे खेल को खेल भावना से खेलें. उन्होंने महिलाओं से भी खेल में बढ़ चढ़ कर भागीदारी दिखाने की अपील की. इस अवसर पर आयोजन समिति ने आईजी भागलपुर को सम्मानित भी किया. इससे पूर्व छात्र छात्राओं ने आकषर्क झांकी की प्रस्तुति की और दहेज प्रथा, बाल विवाह,

नशा मुक्ति आदि विषय पर नाटकों की प्रस्तुति कर एक सार्थक संदेश दिया. मालूम हो कि बहत्तरा गांव में आयोजित इस खेल महोत्सव में जिला स्तरीय क्रिकेट टूर्नामेंट, जिला स्तरीय कबड्डी टूर्नामेंट के अलावा अन्य खेलों का भी आयोजन किया जाना है.

उद्घाटन समारोह में नवगछिया के अनुमंडल पदाधिकारी मुकेश कुमार, खरीक के प्रखंड विकास पदाधिकारी राकेश कुमार, इस्माइलपुर बीडीओ श्वेता कृष्णन, इस्माईलपुर प्रखंड जदयू अध्यक्ष गुलशन कुमार, खरीक दक्षिण जिला परिषद कुमकुम देवी, पूर्व जिला परिषद विजय कुमार मंडल, किसान प्रकोष्ट अध्यक्ष पारसनाथ साहू, डीके भारती, श्यामलाल, मुकेश, पंकज, राजदेव मुखिया मंचासीन थे.

