भागलपुर: इशाकचक इलाके के बौंसी पुल के समीप अपराधियों ने शनिवार को स्टेट बैंक ऑफ इंडिया का एटीएम गैस कटर से काटकर 26 लाख पर हाथ साफ कर दिया। घटना सबसे पहले सूचना सुबह मकान मालिक अमित कुमार को हुई। उन्होंने पुलिस को घटना की जानकारी दी। मौके पर जांच करने के लिए इंस्पेक्टर राम एकबाल यादव पहुंचे थे। घटना की बाबत एटीएम की देखरेख करने वाली एजेंसी एनसीआर के जोनल कार्डिनेटर अभय कुमार ने थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। प्रथम दृष्टया पुलिस को आशंका है कि यह काम बाहर के किसी गिरोह ने अंजाम दिया है।
नासिक से पहुंचेंगे एटीएम एक्सपर्ट :
घटना की सूचना पाकर बैंक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि अपराधियों की पहचान के लिए एटीएम मशीन में लगे कैमरे की फुटेज खंगालने के लिए नासिक से एक्सपर्ट को बुलाया जाएगा। हालंाकि पुलिस ने भी जांच के समय एटीएम से कई नमूनों को जब्त कर साथ ले गई है। जिसे जांच के लिए भेजा गया है।

नोट रखने वाला कैसेट है गायब :
एटीएम मशीन में नोट रखने वाला कैसेट गायब है। इसके अलावा अंदर का प्रेजेंटर भी चोरों ने उड़ा लिया है। इसमें सीरीयल तरीके से नोटों की बंडल रखी होती है। बड़े शातिर तरीके से घटना को अंजाम दिया गया है। अपराधियों ने वहां कोई सुराग नहीं छोड़ा है।
सीसीटीवी कैमरा का काट दिया गया था तार :
एटीएम को निशाना बनाने वाले चोरों ने घुसते ही सामने अंदर लगे सीसीटीवी कैमरे का क्षतिग्रस्त नहीं किया जबकि उसके तार को काट दिया। एटीएम की देखरेख करने वालों के मुताबिक जिस प्रकार गैस कटर को एटीएम से काटा गया है। इससे स्पष्ट है कि उसमें से जरूर एक एटीएम का जानकार है।
रात में नहीं रहता है गार्ड :
जिस एटीएम को अपराधियों ने निशाना बनाया है। उस एटीएम में गार्ड नहीं रहता है। वहां इस बाबत सूचना टंगी हुई है कि ‘एटीएम में गार्ड की व्यवस्था नहीं है, किसी भी शिकायत के हेतु नजदीकी ब्रांच से संपर्क करें’ ऐसे में एटीएम की सुरक्षा का सहज अंदाजा लगाया जा सकता है। जबकि वह एटीएम 24 घंटे खुला रहता है।

