नारायणपुर : नारायणपुर भवानीपुर थाना क्षेत्र के एनएच 31 नवोदय विद्यालय चौक के पास मंगलवार को अहले सुबह हुए सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गयी और पांच लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं. सड़क हादसे के तुरंत बाद घायलों को इलाज के लिए एक स्थानीय क्लीनिक में ले जाया गया जहां से सबों को बेहतर इलाज के लिए जेएलएनएमसीएच मायागंज भागलपुर रेफर कर दिया है. मृतक की पहचान मुंगेर जिले के रामनगर ओपी के पटेल नगर दरका गांव निवासी चालक नंदू कुमार मंडल के रूप में की गयी है जबकि घायलों में मुंगेर के पूरब सराय थाना के माधोपुर निवासी मुकेश, शशि, गुंजन, सिंटू व एक अन्य है.
– ट्रक और डीजे लदे मैजिक वाहन में टक्कर, एक कि मौत, पांच गंभीर
– राष्ट्रीय राजमार्ग 31 के नवोदय विद्यालय चौक की घटना
– सभी मृतक व चालक मुंगेर जिले के
नारायणपुर भवानीपुर पुलिस में मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है. पुलिस ने मौके पर ही दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर लिया है. जबकि ट्रक कार चालक एवं सहचालक मौके से भागने में सफल रहा. घटना की बाबत नारायणपुर भवानीपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली है. घटना सुबह 5:30 की है. खगड़िया के महेशखूंट में आयोजित एक शादी समारोह में डीजे बजा कर डीजे पार्टी के सभी लोग डीजे, जनरेटर व अन्य सामग्री अपने माल वाहक मैजिक पर लोड कर मुंगेर लौट रहे थे.

दूसरी और बालू लदा ट्रक खगड़िया की ओर जा रहा था. नवोदय विद्यालय चौक नगरपारा गांव के समीप क्या पूरी तरह से और नियंत्रित व लापरवाही से परिचालन करते हुए डीजे लदे मैजिक वाहन को जोरदार धक्का दे मारा. ट्रक के धक्के से मैजिक वाहन पलट गया और उस पर लोड जनरेटर के नीचे दबने से चालक नंदू की मौत मौके पर ही हो गई. इस घटना को कई स्थानीय लोगों ने देखा है. लोगों ने बताया कि घटना के बाद देखते ही देखते मौके पर आसपास के कई लोग जुट गए.
वाहन में फंसे या दबे लोगों को वाहन के नीचे से निकाला गया. फिर उन्हें इलाज के लिये अस्पताल भेजा. स्थानीय लोगों के अनुसार नंदू मंडल जनरेटर के नीचे दब गया था. ग्रामीणों व पुलिस के सहयोग से जब तक उसे जनरेटर के नीचे से निकाला गया तब तक मौत हो गई थी. पुलिस द्वारा सूचित किए जाने पर मृतक के परिजन नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल पहुंच गए थे. परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है.


