सदर थाना क्षेत्र के एक गांव में लगे दीनाभद्री मेला देखने गयी एक महिला से कुछ लोगों ने पहले सामूहिक दुष्कर्म किया, विरोध करने पर गला दबाकर जान से मारने की धमकी दी। घटना बीते सोमवार देर रात की है।
पीड़िता ने बुधवार को महिला थाना में दो नामजद सहित अन्य के खिलाफ आवेदन दिया। हालांकि शिकायत के बाद भी पुलिस ने बिना मेडिकल कराये ही पीड़िता को वापस भेज दिया। पीड़िता और उसके परिजनों ने महिला थाना की पुलिस पर टालमटोल का आरोप लगाया है।

जानकारी के अनुसार 27 अगस्त की रात पीड़िता आसपास की महिलाओं के साथ मेला देखने निकली थी। कुछ दूर जाने पर महिला अलग हो गयी। इसी बीच सितुहर के दो युवक सऔर उसके दो दोस्तों ने मिलकर उसे जबरन टेम्पो में बैठाया और कोसी बांध किनारे ले जाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। विरोध करने पर दरिंदों ने उसके मुंह में कपड़ा ठूंस दिया। आरोपितों ने किसी को घटना के बारे में बताने पर जान से मारने की धमकी दी। जख्मी हालत में पीड़िता वहां से किसी तरह अपने घर पहुंची और घटना की आपबीती अपनी मां को सुनाई।

प्रभारी महिला थानाध्यक्ष उमाशंकर ने कहा कि शिकायत मिली है। गुरुवार को गांव जाकर मामले की जांच करेंगे। मामला सही पाये जाने पर पीड़िता की मेडिकल जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जायेगी। पुलिस के इस रवैये के बाद परिजन एसपी से मिलने गये लेकिन एसपी के नहीं रहने से वापस लौट गये।


