भागलपुर : रेलवे का फाटक न खोलने से नाराज तीन युवकों ने एक रेलवे गेटमैन व उसके मित्र की दोनों हाथों की कलाइयां काट डालीं। एक युवक भागलपुर प्रमंडल के बांका जिले का रहने वाला है। घटना रविवार देर रात की है। इस घटना को दिल्ली-अंबाला रेलवे लाइन पर राठधाना-गन्नौर रेलवे स्टेशन के बीच साफियाबाद रेलवे फाटक पर अंजाम दिया गया। इस घटना के बाद बांका में कोहराम मच गया है।

जिन दो लोगों की कलाइयां काटी गईं, उनमें से एक का नाम कुंदन पाठक है और दूसरे का चंदन कुमार। कुंदन गेटमैन हैं और वह बिसनपुर, जिला बांका (बिहार)के निवासी हैं। उनके मित्र चंदन भी उसी के गांव के हैं। दोनों को रोहिणी (दिल्ली) के एक अस्पताल में इलाज के लिए लाया गया जहां कोई चार घंटे लंबे चले आपरेशन के बाद कुंदन की कलाइयां जोड़ दी गईं। उधर, चंदन की स्थिति गंभीर है।

कुंदन पाठक साफियाबाद स्थित फाटक नंबर-19 पर तैनात थे। वह गांव साफियाबाद में ही किराए पर रहते हैं। रविवार को उनके मित्र चंदन कुमार उनके पास आये थे। रात करीब साढ़े 11 बजे कुंदन, चंदन के साथ ड्यूटी पर आए। कोई एक बजे रात में मोटरसाइकिल पर आए तीन बदमाशों ने कुंदन से गेट खोलने को कहा। जब कुंदन ने मना कर दिया तो बदमाशों ने तेजधार हथियार से हमला कर दोनों की कलाइयां काट डालीं। फिर हमलावर फरार हो गए।

थोड़ी देर बाद वहां से गुजर रहे एक राहगीर की नजर उन पर पड़ी। उसने पास जाकर देखा तो दोनों खून से लथपथ थे। पूछने पर उन्होंने बताया कि तीन बदमाशों ने उन पर हमला किया था। राहगीर ने वहां से गुजर रही मूरी एक्सप्रेस ट्रेन को रुकवाया और मामले से चालक को अवगत कराया। गंभीर रूप से घायल दोनों को सोनीपत स्टेशन पहुंचाया गया, जहां से उन्हें नागरिक अस्पताल ले जाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को दिल्ली रेफर कर दिया गया। जीआरपी थाना प्रभारी ताराचंद ने बताया कि रेलवे अधिकारी के बयान पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। जल्द ही आरोपितों का पता लगाकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

गुस्साए रेल कर्मियों ने साढ़े तीन घंटे रेल ट्रैक किया बाधित :

इस हमले की सूचना मिलते ही साथी कर्मचारी भड़क गए। सोमवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे गेटमैन, ट्रैकमैन व अन्य रेल कर्मियों ने रोष जाहिर करते हुए साफियाबाद के पास रेलवे ट्रैक को जाम कर दिया। कर्मचारी सुरक्षा मुहैया कराने के साथ ही सभी फाटकों पर सीसीटीवी कैमरा लगाने की मांग कर रहे थे। मौके पर पहुंचे सहायक मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) राजीव धनखड़ ने कर्मचारियों से ज्ञापन लिया और उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर सभी को ट्रैक से हटाया। करीब एक बजे इस रूट पर यातायात सुचारू हो सका।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *