शेखपुरा : थाना क्षेत्र के मिशन ओपी के पास दो होमगार्ड के जवान ट्रकों से रिश्वत वसूली कर रहे थे। वसूली के दौरान पैसे को लेकर हुए विवाद में अॉन ड्यूटी बीच सड़क पर आपस में ही भिड़ गए। दोनों एक दूसरे से सरेआम मारपीट करने लगे और जमकर एक-दूसरे पर लाठी-डंडे से प्रहार किया। लोग तमाशबीन होकर देखते रहे वहीं बीच-बचाव करने आए लोगों की भी इन दोनों पुलिसकर्मियों ने एक नहीं सुनी।
Total Downloads: 75
इन दोनों जवानों की मारपीट का कुछ स्थानीय लोगों ने मोबाइल से वीडियो बना लिया और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो में आपस में झगड़ते हुए दोनों सिपाही मारपीट के दौरान झाड़ी और पास के गड्ढे में गिरते हुए दिख रहे हैं। वीडियो वायरल होने के बाद एसपी ने दोनों जवानों को सस्पेंड कर दिया है।

मिशन ओपी प्रभारी राजकिशोर प्रसाद सिंह ने बताया कि इसमें एक चन्देश्वर प्रसाद और दूसरा होमगार्ड के जवान है। इन्होंने ट्रकों से वसूली की बात से इंकार करते हुए बताया कि यह झगड़ा आपस का है। इसमें देन-लेन की कहीं कोई बात नहीं है।
इस संबंध में एसपी दयाशंकर प्रसाद ने बताया कि इस तरह से सार्वजनिक रूप से सड़क पर झगड़ा करने वाले दोनों होमगार्ड के जवानों को हटाने की अनुशंसा की गई है।
मालूम हो कि बरबीघा थाना चौक पर यातायात नियंत्रण के लिए अलग-अलग शिफ्ट में दो-दो सिपाही तैनात किए जाते हैं। परंतु वे ट्रकों व मालवाहक वाहनों से अवैध वसूली करने में जुट जाते हैं। जिससे थाना चौक पर अक्सर जाम लग जाता है।

