डीएम प्रणव कुमार की अध्यक्षता में भूमि विवाद एवं दुर्गापूजा से संबंधित विधि व्यवस्था की बैठक डीआरडीए सभागार में हुई। बैठक में कहा गया कि भूमि विवाद के कारण विधि व्यवस्था की समस्या उत्पन्न होती है। इसलिए सभी थानेदार व सीओ को पहले ही निर्देश दिया जा चुका है कि भूमि विवाद से संबंधित समस्याओं के निपटारे के लिए शनिवार को आवश्यक रूप से बैठक करें। रजिस्टर का संधारण करें कि उस तिथि में कितने मामले आए और कितने का समाधान हुआ। अभी तक कितने मामले लोक शिकायत से प्राप्त हुए हैं। उनमें से कितने की जांच हुई। अटके मामलों के निपटारे में तेजी लाएं।
बैठक में कहा गया कि दखल देहानी के मामले, जमीन की मापी, दाखिल खारिज, जमीन खरीद-बिक्री से उत्पन्न विवाद लगातार बढ़ रहा है। मामले का निपटारा अंचल व थाने के स्तर पर करें। जटिल भूमि विवादों को चिन्हित कर सूची बनाएं। सीओ व थानेदार संयुक्त रूप से आवेदनों का निपटारा करें। दुर्गापूजा, कालीपूजा व छठ पूजा पर विधि व्यवस्था के लिए थानावार व अनुमंडलवार समीक्षा की गई। डीएम ने कहा कि असमाजिक छवि के लोगों को चिन्हित कर उसकी सूची बनाकर भेजे। पांच लाख तक बाउंड डाउन करें, नोटिस का तामिला कराएं। पूजा समिति 12 अक्टूबर के पूर्व अपना आवेदन पत्र लाइसेंस के लिए जमा करें। बैठक में एसएसपी आशीष भारती, सहायक जिलाधिकारी तरणजोत सिंह, उप विकास आयुक्त सुनील कुमार, अपर समाहर्ता राजेश कुमार झा राजा, सदर एसडीओ आशीष नारायण आदि मौजूद थे।

कहा-हर शनिवार को बैठक कर निपटाएं मामले
डीआरडीए सभागार में दुर्गा पूजा पर विधि व्यवस्था को लेकर बैठक करते डीएम प्रणव कुमार, एसएसपी आशीष भारती, डीडीसी सुनील कुमार व सहायक जिलाधिकारी।
पूजा समिति को 14 अक्टूबर तक लाइसेंस देने का निर्देश
डीएम ने कहा कि आवेदन का समय पर सत्यापन कर लें। 14 अक्टूबर तक लाइसेंस पूजा समिति को निर्गत कर दें। इसमें मूर्ति विसर्जन का रूट, समय एवं तिथि आवश्यक रूप से अंकित हो। 20 अक्टूबर की दोपहर दो बजे से रात के 10 बजे तक विसर्जन कर दें। पूजा में डीजे नहीं बजेगा। 10 बजे रात के बाद लाउडस्पीकर भी नहीं बजेंगे। मूर्ति एक साथ विसर्जित कराएं। जुलूस मार्ग को पूर्व से देख लें। सरकारी जमीन पर मंदिर व मस्जिद के अतिक्रमण से संबंधित रिपोर्ट दें। सभी पूजा समिति अपने पंडाल में अग्निशमन यंत्र लगाएं। पूजा समिति पंडालों में साज-सज्जा एवं स्वच्छता का व्यापक प्रबंध करेंगे। जिस पूजा समिति का विसर्जन शांति पूर्ण होगा, उसे जिला प्रशासन प्रशस्ति पत्र देगा और सम्मानित करेगा।

थाना प्रभारी तैयार करें पूजा समिति का कम्युनिकेशन प्लान
डीएम ने सभी थाना प्रभारी को पूजा समिति का कम्युनिकेशन प्लान तैयार करने को कहा। बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक आशीष भारती ने कहा कि बिना लाइसेंस मूर्ति स्थापित करने और डीजे बजाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उत्पाद विभाग और थाना प्रभारी क्षेत्र में शराब को लेकर छापामारी करें। विधि व्यवस्था के लिए प्लानिंग पूर्व से कर लेने का निर्देश दिया। जिस थाना क्षेत्र में शराब बनाने की रिपोर्ट आएगी, उसे गंभीरता से लिया जाएगा।
छठ पूजा को देखते हुए घाटों की साफ-सफाई कराएं। एग्जीक्यूटिव इंजीनियर पूजा के दौरान बिजली आपूर्ति व्यवस्थित करेंगे। बैठक में कहा गया कि यह चुनावी वर्ष है। कई संगठन पनप रहे है, जिन पर पैनी नजर रखें और चुस्त-दुरुस्त विधि व्यवस्था बनाए रखें। रावण वध का कार्यक्रम सीटीएस में होता है। इसके लिए लाइटिंग और सीसीटीवी कैमरा, वाच टावर और बेरिकेडिंग ठीक ढंग से कराएं। पटाखा फूटने पर भगदड़ की आशंका बनी रहती है। सीटीएस का गेट खुला रहेगा। पूजा के दौरान विधि व्यवस्था मुकम्मल और चुस्त दुरुस्त रखना है।


