मुजफ्फरपुर —मय से मीना से ना साकी से…ना पैमाने से… दिल बहलता है मेरा आपके आ जाने से…साधना सरगम व मो. अजीज की आवाज में खुदगर्ज फिल्म का ट्रैक बजते ही लोग झूम उठे। आज उनके सामने गोविंदा की नहीं, बल्कि डब्बू अंकल के रूप में चर्चित संजय श्रीवास्तव की छवि दिख रही थी।
वे उन्हें देखने को उतावले थे। उनके आते ही डीएवी मालीघाट स्कूल परिसर झूम उठा। अवसर था विजय खरे एक्टिंग एकेडमी के तत्वावधान में आयोजित डब्बू अंकल के साथ एक शाम डीएवी के छात्रों के साथ का।

सोशल मीडिया पर उनके डांस का वीडियो वायरल होने के बाद पूरे देश में डब्बू अंकल का जलवा हो गया। सोमवार को वह प्रत्यक्ष सामने आ रहा था।
गाने के बोल के साथ उनके भाव व चेहरे की तारतम्यता….मानो एक साथ नृत्य कर रहे थे। थिरकन, भाव-भंगिमा साथ-साथ नृत्य कर एक अलग फ्यूजन पेश कर रहे थे। उनके हर स्टेप में एक नई स्फूर्ति थी। जूली-जूली, गाने पर जब डांस किया तो भीड़ से वंस मोर-वंस मोर की आवाज आने लगी। उनके डांस में उनकी फुर्ती कमाल की थी।


