भागलपुर : चेकिंग के दौरान मारपीट, गाली-गलौज और सड़क जाम के आरोप में जेल भेजे गए दीपक चंद्र वर्मा और आलोक सिंह (दलसिंहसराय, समस्तीपुर) मामले की जांच रिपोर्ट सिटी डीएसपी राजवंश सिंह ने एसएसपी आशीष भारती को सौंप दिया है। जिसके आधार पर तातारपुर थाने के दारोगा नवल किशोर यादव को एसएसपी ने लाइन हाजिर कर दिया है और अनुशासनिक कार्रवाई के विरूद्ध उनसे स्पष्टीकरण की मांग की गई है। स्पष्टीकरण प्राप्त होने पर दारोगा पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। जांच में चेकिंग में शामिल सादे लिबास पहने तातारपुर थाने के दारोगा नवलकिशोर यादव को दोषी माना गया है।

जांच के दौरान डीएसपी ने चेकिंग के समय और सड़क जाम के दौरान पिटाई की बनाई गई वीडियो को देखा और थाने के पुलिसकर्मियों से भी पूछताछ की। वीडियो में स्पष्ट है कि सादे लिबास में तातारपुर थाने के दारोगा नवलकिशोर यादव समस्तीपुर के उक्त दोनों युवकों से उलझ रहे और उनके साथ मारपीट, गाली-गलौज कर रहे हैं।

जबकि पुलिस ने उल्टे दोनों युवकों पर अभद्र व्यवहार और हाथापाई का आरोप लगा कर केस दर्ज कर लिया है। लेकिन वीडियो से तातारपुर पुलिस की झूठ का पर्दाफाश हो गया है। बता दें कि दोनों युवकों की पिटाई के बाद तातारपुर पुलिस ने उन्हें जेल भी भेज दिया। मामला मीडिया में आने के बाद डीआईजी विकास वैभव ने स्वत: संज्ञान लेते हुए एसएसपी को जांच का निर्देश दिया था। एसएसपी ने सिटी डीएसपी से पूरे मामले की जांच का जिम्मा सौंपा था।

केस में एमवी एक्ट की धारा, लेकिन आदेश में उल्लेख नहीं

पुलिस ने दोनों युवकों पर सड़क जाम, सरकारी काम में बाधा और पुलिस के साथ अभद्र व्यवहार का आरोप लगा केस दर्ज किया है। केस में एमवी एक्ट की धारा भी लगाई है। पुलिस का कहना है कि युवकों की बाइक का प्रदूषण सर्टिफिकेट फेल था। इसलिए एमवी एक्ट की धारा जोड़ा गया है। लेकिन तत्कालीन एसएसपी मनोज कुमार द्वारा थानों को जारी आदेश में चेकिंग के दौरान प्रदूषण का सर्टिफिकेट जांच का उल्लेख नहीं है। तत्कालीन एसएसपी ने कुल 31 बिंदुओं पर चेकिंग में जांच का निर्देश दिया है। इन बिंदुओं पर प्रदूषण सर्टिफिकेट की जांच शामिल नहीं है। फिर भी पुलिस ने प्रदूषण सर्टिफिकेट फेल होने का आरोप लगा कर केस में उसका उल्लेख किया है।

यह दोनों तस्वीर 16 नवंबर को मुस्लिम स्कूल के पास की है। पहली तस्वीर चेकिंग के दौरान तातारपुर थाने के दारोगा नवलकिशोर यादव सादे लिबास में लाठी लेकर आलोक सिंह की पिटाई कर रहे हैं। जबकि दूसरी तस्वीर कुछ देर बाद की है। सड़क जाम की सूचना पर वर्दी में पहुंचे दारोगा नवल किशोर यादव (लाल घेरे में) पुलिसकर्मियों के साथ आलोक के साथी दीपक चंद्र वर्मा को थाने ले जा रहे हैं।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By Rishav Mishra Krishna

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *