कटिहार के रौतारा क्षेत्र में शर्मनाक वाकया सामने आया है। शौच के लिए गई महिला से तीन युवकों ने गैंगरेप किया। वहीं इस प्रकरण में एक-दूसरे के थाना क्षेत्र का मामला बताकर और गैँगरेप की शिकार महिला को मामूली जख्म बताकर अस्पताल भेजने पर पुलिस की लापरवाही सामने आ गयी। रौतारा थाना के पुलिस पदाधिकारी ने तो दुष्कर्म और गैंगरेप की नहीं बल्कि साधारण जख्म का प्रतिवेदन पीड़िता और उसके पति के हाथ में देकर बिना महिला पुलिस और सिपाही के ही इलाज के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।

Whatsapp group Join

पीड़िता ने बताया कि मंगलवार की रात करीब सात बजे वह शौच के लिए खेत में गई थी। इस बीच अमर कुमार, सन्नी कुमार तथा अजय तीनों युवक पहुंचे और उसका मुंह बंद कर वहां से उठा कर बहियार की ओर ले गया। तीनों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर बुरी तरह से पीटा जिससे उसका दांया हाथ टूट गया। वहां से किसी तरह लौटकर उसने घटना की जानकारी पति को दी। पति ने वहां के चौकीदार को सूचना दिया। चौकीदार की ओर से स्थानीय थाने को सूचना दिये जाने के बाद बावजूद वहां से कोई नहीं पहुंचा। बुधवार की सुबह सात बजे तक पुलिस के नहीं आने तथा पीड़िता के शरीर से ब्लीडिंग ज्यादा होने व स्थिति गंभीर होने से इलाज के लिए परिजनों के साथ पीड़िता सदर अस्पताल पहुंची।

पीड़िता के पति का आरोप है कि वह पीड़िता को लेकर हरिजन थाना और महिला थाना पहुंचे। लेकिन वहां पर मामला सुनने को कोई तैयार नहीं थे। तैनात पुलिस पदाधिकारी ने कहा कि घटना रौतारा की है, वहां चले जाएं। महिला थाना ने कहा कि मारपीट कर केस है रौतारा चले जायें। रौतारा पहुंचकर पुलिस पदाधिकारी को घटना की पूरी जानकारी दी। इसके बाद भी केवल जख्मी का इलाज कराने के लिए एक कागज पर लिखकर उसे अस्पताल जाने के लिए कहा गया। उसके परिजन उसे सदर अस्पताल लेकर आ गये।

सदर अस्पताल के इमरजेंसी में तैनात डॉ. संतोष प्रकाश और मीडिया की ओर से वारदात की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय पुलिस की लापरवाही की सूचना एसपी को दिए जाने पर पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

वरीय पुलिस अधिकारियों ने महिला से घटना की जानकारी लेने के बाद कोढ़ा एवं हसनगंज की पुलिस की मदद से तत्काल एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। एसपी विकास कुमार ने कहा प्रथम दृष्टया मामला दुष्कर्म का प्रतीत होता है। मेडिकल जांच के बाद दुष्कर्म या सामूहिक दुष्कर्म की पुष्टि हो पाएगी। उन्होंने कहा कि पीड़िता की शिकायत पर ससमय कार्रवाई नहीं करने वाले पुलिस पदाधिकारियों के खिलाफ जांचोपरांत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *