पति का किसी अन्य महिला से संबंध होने की जानकारी मिलने के बाद पत्नी ने जब समझाने की कोशिश की तो आक्रोशित पति ने पत्नी को भी ब्वॉयफ्रेंड रखने की सलाह दे डाली। पत्नी ने जब ऐसा करने से इनकार कर दिया तो उसकी पिटाई भी कर दी। दुपट्टे से गला दबाने की कोशिश की।
Total Downloads: 339
आसपास के लोग दौड़कर आये तब जान बची। घटना ललमटिया थाना क्षेत्र के साहेबगंज मोहल्ले की है। पति कुंडली बनाने का काम करता है। उसकी इस करतूत की जानकारी रविवार को ललमटिया थाने को भी दी गयी।
पुलिस ने आरोपित पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस को दिए आवेदन में महिला ने कहा है कि पति का एक महिला के साथ अवैध संबंध होने की जानकारी मिली थी। पड़ताल करने पर बात सच निकली। मैंने जब आपत्ति जताई तो पति ने कहा- अब मॉडर्न युग आ गया है। तुम भी एक ब्वॉयफ्रेंड बना लो, मुझे कोई आपत्ति नहीं है।

पत्नी ने पुलिस को बताया कि उसे एक बेटा और बेटी है। दोनों स्कूल में पढ़ते हैं। ऐसे में पति का इस तरह का आचरण परिवार के लिए शर्मिंदगी की बात है। वैसे व्यक्ति के साथ रहकर क्या फायदा जो पत्नी, बच्चे की देखभाल ठीक से न करता हो।
फिलहाल महिला अपने ससुराल में ही इस उम्मीद के साथ रह रही है कि जेल जाने के बाद अब पति सुधर जाएगा। ऐसा हुआ तो वह भी समझौता कर लेगी। ललमटिया एसएचओ संजीव कुमार ने बताया कि एफआईआर दर्ज कर आरोपित पति को जेल भेज दिया गया है। उसने भी एक महिला से संबंध होने की बात कबूल की है।

