भागलपुर। यात्रियों की सुरक्षा और रेलवे के राजस्व में बढ़ोतरी को लेकर पूर्व रेलवे ने टिकट जांच अभियान तेज कर दिया है। मालदा मंडल के सीनियर डीसीएम कार्तिक सिंह के नेतृत्व में विशेष टिकट जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को कहलगांव-भागलपुर-मंदार हिल रेलखंड पर चलने वाली कई ट्रेनों में जांच की गई।

कई ट्रेनों में हुई टिकट जांच

अभियान के दौरान वाणिज्य निरीक्षकों, टिकट जांच कर्मचारियों और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के जवानों की टीम ने ट्रेनों में यात्रियों के टिकट की जांच की। इस दौरान बिना वैध टिकट या नियमों के अनुरूप टिकट के साथ यात्रा करने वाले यात्रियों पर रेलवे नियमों के तहत कार्रवाई की गई।

220 मामले पकड़े, 1.77 लाख रुपये जुर्माना

रेलवे के अनुसार विशेष जांच अभियान के दौरान बिना टिकट यात्रा के कुल 220 मामले पकड़े गए। इन मामलों में यात्रियों से कुल 1,77,375 रुपये जुर्माना वसूला गया।

रेलवे की ओर से समय-समय पर ऐसे अभियान चलाए जाते हैं। इसका उद्देश्य बिना टिकट या अनुचित टिकट के साथ यात्रा करने पर रोक लगाना और यात्रियों को निर्धारित नियमों के अनुसार यात्रा करने के लिए जागरूक करना है।

त्योहारों को देखते हुए बढ़ाई गई निगरानी

त्योहारी मौसम में ट्रेनों में यात्रियों की संख्या बढ़ने की संभावना को देखते हुए रेलवे की ओर से टिकट जांच और यात्री सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। रेलवे का कहना है कि वैध टिकट के साथ यात्रा करने से ट्रेनों में व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिलती है।

मालदा मंडल ने यात्रियों से अपील की है कि वे उचित और वैध टिकट लेकर ही यात्रा करें। साथ ही यात्रियों से सुरक्षित और अनुशासित रेल परिवेश बनाए रखने में रेलवे का सहयोग करने की अपील की गई है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *