जमालपुर- किउल रेलखंड के धनौरी उरैन के बीच बुधवार की रात नई दिल्ली-भागलपुर सप्ताहिकी एक्सप्रेस ट्रेन डकैती में शामिल लुटेरों को पकड़ने के लिए रेल पुलिस ने एसआईटी का गठन किया है। रेल जिला जमालपुर के मुख्यालय डिप्टी एसआरपी एस कुमार अनुभवी के नेतृत्व एसआईटी काम करेगी। यह बातें रेल अपर महानिदेशक पटना के अमित कुमार ने गुरुवार को रेल एसआरपी कार्यालय के निरीक्षण के दौरान कही।
उन्होंने कहा कि ट्रेन में भीषण डकैती की घटना में रेल पुलिस की चूक हुई है। एस्कॉट पार्टी ट्रेन में नहीं थी, जिसका बदमाशों ने फायदा उठाया है। मौके पर रेल एसपी अमीर जावेद, डिप्टी एसपी एस कुमार अनुभवी सहित अन्य मौजूद थे। वहीं पुलिस ने पीड़ित रेलयात्री संजय कुमार के बयान पर 20 लुटेरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
Total Downloads: 176
भीषण डकैती की जांच करने रेल एडीजी और आरपीएफ मालदा के मंडल सुरक्षा आयुक्त (डीएससी) फ्रांसिस सीरील लोबो जमालपुर पहुंचे। उन्होंने जीआरपी व आरपीएफ के जवानों व पदधिकारियों के साथ धनौरी-उरैन के बीच दैताबांध घटनास्थल का निरीक्षण किया। एडीजी ने कहा कि घटना को अंजाम देने वाले लुटेरों को चुन-चुन कर गिरफ्तार किया जाएगा। लूटे गये सामान की बरामदगी होगी। उन्होंने कहा कि जमालपुर, किऊल और भागलपुर में जवानों की संख्या में बढ़ोतरी की जाएगी।

आरपीएफ और जीआरपी के लिए बड़ी चुनौती
रेल एडीजी ने कहा कि सप्ताहिकी एक्सप्रेस में जिस दुस्साहस के साथ घटना को लुटेरों अंजाम दिया है, वो आरपीएफ और जीआरपी के लिए बड़ी चुनौती है। दैताबांध का आम रास्ता ब्लॉक करने के विरोध में पहले से ही ग्रामीण हैं, उसपर इसी जगह बदमाशों के कहर ढाने से विधि-व्यवस्था बिगड़ गयी है।

तीन दर्जन ट्रेनों में रेल पुलिस की गश्ती नहीं
आरपीएफ मालदा के डीएससी फरांसिस सीरील लोबो ने कहा कि जमालपुर से गुजरने वाली करीब पांच दर्जन ट्रेनों में एस्कॉट पार्टी सुनिश्चित होनी चाहिए। कुछ ट्रेनों में जीआरपी और कुछ में आरपीएफ टीम गश्ती करती है। लेकिन आज भी तीन दर्जन ट्रेनों में रेल पुलिस की गश्ती नहीं हो रही है। इसके पीछे जवानों की कमी और आपसी सामंजस्य का अभाव है। उन्होंने कहा कि मालदा, ईस्ट सेंट्रल रेलवे की दानापुर डिवीजन के पदाधिकारियों से बातचीत की जाएगी, ताकि ट्रेन एस्कॉट दल समय पर सभी गाड़ियों में हो सके।
जेवरात लूटने का विरोध करने पर महिलाओं से दुर्व्यवहार
लुटेरों ने हथियार के बल पर पुरुष और महिलाओं यात्रियों के जेवरात, मोबाइल और नगद लूटते रहे। जिन महिलाओं ने विरोध किया, उसके साथ ना सिर्फ मारपीट की बल्कि गले की चैन छीनने के बहाने दुर्व्यवहार भी किया। महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार देखकर बांका निवासी सोनी शर्मा ने एक लुटेरा को गाल पर जोरदार थप्पड़ भी जड़ दिया।

