बांका जिला के धोरैया प्रखंड स्थित मकैता बबुरा गांव के पक्षियों में बर्ड फ्लू फैलने की पुष्टि हो गयी है। इसको लेकर जिला प्रशासन ने पूरे क्षेत्र को अलर्ट घोषित कर दिया है। बबुरा के आसपास 10 किलोमीटर परिधि क्षेत्र को सील कर दिया गया है। भारत व राज्य सरकार की टीम बांका पहुंच गई है। शनिवार को टीम के सदस्यों ने बबुरा जाकर सर्वे किया। रविवार को बबुरा के आसपास एक किलोमीटर की परिधि में मुर्गा, मुर्गी सहित अन्य पक्षियों को मारा जाएगा।

प्रभारी डीएम सह डीडीसी अभिलाषा शर्मा ने शनिवार को प्रेस वार्ता में बताया कि मकैता बबुरा गांव में चार जनवरी को कुछ कौए व मुर्गी मृत मिले थे। उसके सैंपल की जांच में बर्ड फ्लू का लक्षण पाया गया है। इसकी सूचना मिलते ही शुक्रवार की रात आपात बैठक की गई तथा पूरे क्षेत्र को अलर्ट किया गया है।

राज्य सरकार के साइंटिस्ट और भारत सरकार की टीम बांका पहुंच चुकी है। शनिवार को प्रभावित क्षेत्र का सर्वे किया गया है। रविवार को बबुरा के आसपास के एक किलोमीटर में पक्षियों को मारकर दफनाया जायेगा। इसके लिए पशुपालकों को ऑन स्पॉट मुआवजा भी दिया जाएगा। बबुरा के आसपास दस किलोमीटर की परिधि को सर्विलांस क्षेत्र घोषित करते हुए सील कर दिया गया है।

उन्होंने बताया कि इस क्षेत्र में बिना एहतियात के किसी को भी प्रवेश नहीं दिया जाएगा। साथ ही इस क्षेत्र के लोगों को भी बाहर निकलने पर प्रतिबंध लगाया जाएगा। वाहनों के भी आवागमन पर प्रतिबंध रहेगा। एक माह तक यह एहतियात बरता जाएगा। एसडीओ व एसडीपीओ के नेतृत्व में सारा काम किया जाएगा।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *