पश्चिमी विक्षोभ के कारण पहाड़ी प्रदेशों में हो रही बर्फबारी का असर गुरुवार से पूर्व बिहार में भी दिखने लगेगा। तापमान में ज्यादा उतार-चढ़ाव की संभावना नहीं है लेकिन आसमान में बादल छाए रहेंगे। 24 से 26 तक बूंदाबांदी भी हो सकती है। इस दौरान औसतन पांच किलोमीटर प्रतिघंटा की गति से पूर्वी और उत्तरी-पूर्वी हवा चलेगी। इन तीन दिनों के दौरान अधिकतम 10 मिलीमीटर तक बारिश हो सकती है।

इसका असर बांका, मुंगेर, शेखपुरा, लखीसराय एवं जमुई पर भी दिखेगा। यहां भी क्रमश 12, 16, 14, 18 एवं 15 मिलीमीटर तक बारिश हो सकती है। बीएयू मौसम विभाग के नोडल पदाधिकारी प्रो. बीरेंद्र कुमार ने मौसम पूर्वानुमान में बताया है कि 26 को रिमझिम बारिश की संभावना है। आसमान में बादल रहने की वजह से ठंड ज्यादा नहीं बढ़ेगी। बारिश हुई तो रबी फसलों को फायदा होगा।

पश्चिमी विक्षोभ का असर बुधवार की दोपहर बाद से ही दिखने लगा है। सुबह धूप खिली पर दिनभर मौसम शुष्क बना रहा। दोपहर बाद धीरे-धीरे आसमान बादलों से ढक गया। जिसे देख लोग आंधी-तूफान एवं बारिश की आशंका से सहम से गए। हालांकि एक दिन पूर्व के अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान पर नजर डाले तो क्रमश 0.4 डिग्री वृद्धि एवं 0.2 डिग्री गिरावट के साथ बुधवार का तापमान 24.2 एवं 5.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। दक्षिणी के बजाय उत्तरी हवा औसतन 2.3 किलोमीटर प्रतिघंटा की गति से चली।

क्षेत्रीय मौसम निदेशालय पटना के मौसम वैज्ञानिक आनंद शंकर की माने तो यह सब पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव है जो 25-26 तक बने रहने की उम्मीद है। इस दौरान हल्की बारिश भी हो सकती है। जबकि बीएयू मौसम विभाग के नोडल पदाधिकारी प्रो. बीरेंद्र कुमार ने मौसम पूर्वानुमान में बताया है कि 26 को रिमझिम बारिश होने की संभावना है। तापमान में भी मामूली उतार-चढ़ाव होगा।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *