खरीक : लत्तीपुर – तेतरी 14 नंबर सड़क पर ध्रुवगंज गांव के पेट्रोल पंप के पास रविवार को देर शाम हुए सड़क हादसे में मारे गये लत्तीपुर के गौतम कुमार प्रियदर्शी के शव को लेकर बड़ी संख्या में लत्तीपुर के ग्रामीणों ने घटना स्थल के पास ही करीब चार घंटे तक सड़क को जाम कर दिया. ग्रामीणें की मांग पर धक्का मारने वाले अज्ञात वाहन का पता लगाने के लिए पुलिस ने ध्रुवगंज पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरा को भी खंगाला. घटना के समय का फुटेज देखा गया तो स्पष्ट पता चला कि युवक की मौत बिहपुर की ओर से तेतरी की ओर जा रहे एक पुलिस वैन के धक्के से युवक की मोटरसाइकिल र्दुघटनाग्रस्त हुआ था.

पुलिस ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि जल्द ही पुलिस वाहन का पता लगा कर कानूनी कार्रवाई की जायेगी. दोपहर दो बजे ग्रामीण शव के साथ ध्रुवगंज पेट्रोल पंप के पास पहुंच कर सौ मीटर के दायरे में ही करीब तीन जगहों पर पेड़ की डालियों को रख कर जाम कर दिया. जाम के कारण स्थानीय यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा. मोटरसाइकिल और साइकिल तो किसी तरह सड़क के बगल से निकल जा रहा था लेकिन चार चक्का और तीन चक्का या फिर बड़े वाहनों को जाम के दौड़ान रास्ता बदलना पड़ा.

जाम की सूचना मिलते ही मौके पर बिहपुर के सर्किल इंस्पेक्टर संजय कुमार सुधांशु और खरीक के थानाध्यक्ष दूबे देव गुरू ने ग्रामीणों को हर संभव समझाने बुझाने का प्रयास किया. ग्रामीणों की मांग थी कि युवक को जिस वाहन से धक्का लगा, इसका पुलिस पता करे और चालक के विरूद्ध कानूनी कार्रवाई की जाय. साथ ही युवक के आश्रितों को मुआवजा और मृतक की पत्नी को सरकारी नौकरी दी जाय. पदाधिकारियों ने हर संभव मांगों पर विचार करने और उसे पूरा करने का अश्वासन दिया है. देर शाम करीब छ: बजे ग्रामीणों ने जाम हटा दिया था. इसके बाद पेड़ की डालियों को हटा कर 14 नंबर सड़क पर यातायात की बहाली की गयी.

पूरे गांव में है मातम, एक वर्ष भी नहीं हुए शादी को

प्रेमशंकर विद्यार्थी के इकलौते पुत्र गौतम कुमार प्रियदर्शी की मौत के बाद उसके पूरे गांव में मातम है. गौतम काफी मिलनसार युवक था और पूरे गांव में उसके कई दोस्त थे. हर कोई गौतम की ही चरचा करते नजर आ रहा है. मालूम हो कि गौतम ने इंटर तक की पढ़ाई पूरी कर अभी भी अध्ययनरत था और अपने पिता के कामों में भी हाथ बंटाता था. गौतम की शादी के अभी एक वर्ष भी पूरे नहीं हुए हैं. ग्रामीण् शादी की बातों को याद करके भी गमगीन हो रहे हैं. दूसरी तरफ गौतम के माता पिता और उसकी पत्नी खुशबू कुमारी का रो रो कर बुरा हाल है.

रोते रोते उसका बुरा हाल हो गया है. वह बार बार बेहोश हो जा रही है. ग्रामीण पूर्व मुखिया प्रतिनिधि अमनचैन यादव, मंचन यादव, जयशंकर कुमार, प्रभात यादव, रंजन यादव, राजेश यादव, नंदन यादव, पंकज यादव, बमबम यादव आदि ने कहा कि गौतम की मृत्यु के बाद उसका परिवार पूरी तरह से बेसहारा हो गया है. अगर गौतम की पत्नी को सरकारी नौकरी और समुचित मुआवजा नहीं मिला तो वे लोग फिर आंदोलन करने का बाध्य हो जायेंगे.

कहते हैं थानाध्यक्ष

खरीक के थानाध्यक्ष दूबे देवगुरू ने कहा कि मामले की प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है. सीसीटीवी फुटेज से पता चला है कि धक्का मारने वाला वाहन एक पुलिस वैन है. कहां का पुलिस वैन था इसका पता लगाया जा रहा है.

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By Rishav Mishra Krishna

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *