उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ पूर्णिया के रंगभूमि मैदान में प्रमंडलीय शक्ति केंद्र सम्मेलन के दौरान चार जिलों के कार्यकर्ताओं से रूबरू हुए। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए राम मंदिर पर चर्चा की और राजद पर जमकर हमला बोला।
Total Downloads: 113
मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ ने कहा कि अयोध्या में ही श्री राम मंदिर का निर्माण होगा, इसमें कोई कंफ्यूजन नहीं है। अयोध्या से मां जानकी स्थल तक फोर लेन रोड का निर्माण भी शुरू हो गया है। इससे दोनों स्थानों के बीच आवागमन बढ़ेगा।
देश को टुकड़े-टुकड़े नहीं होने देंगे
उन्होंने बिना किसी सियासी पार्टी का नाम लिए हुए कहा कि कुछ लोग भारत को विभाजन की ओर ले जाना चाहते हैं, लेकिन देश को टुकड़े-टुकड़े नहीं होने देंगे। यूपी में अपराधी व आतंकवादी नहीं आते हैं, क्योंकि हम उनकी पूजा नहीं करते वहां पहुंचाते हैं जहां के वह हकदार हैं। बिहार और देश में विकास और सुशासन की गंगा बहती रहे इसके लिए सबों को सामूहिक प्रयास करना होगा।

बिहार के लोगों को कुंभ आने का न्यौता
बिहार के लोगों को कुंभ आने का न्यौता देते हुए उन्होंने कहा कि 15 जनवरी से पांच फरवरी तक कुंभ में 14 करोड़ लोग स्नान कर चुके हैं। बसंत पंचमी के मौके पर शाही स्नान में चार करोड़ श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। योगी आदित्य नाथ गुरुवार शाम पूर्णिया के रंगभूमि मैदान में प्रमंडलीय शक्ति केंद्र सम्मेलन के दौरान चार जिलों के कार्यकर्ता को संबोधित कर रहे थे।
‘बताने को चार वर्षों के शासन काल की उपलब्धियां’
उन्होंने कहा कि 2014 के लोकसभा चुनाव में भाजपा के पास सिवाय सत्ता पक्ष पर अंगुलियां उठाने के कुछ नहीं था, लेकिन आज हमारे पास साढ़े चार वर्षों के शासन काल की उपलब्धियां बताने के लिए है। साढ़े चार वर्षों के दौरान किसी केंद्रीय मंत्री व प्रधानमंत्री पर कोई भी आरोप नहीं लगा। भाजपा मूल्यों, आदर्शों व सिद्धांतों की राजनीति करता है।
राजद और भाजपा में यही अंतर
यही वजह है कि छोटा कार्यकर्ता भी भाजपा के अध्यक्ष बन जाते हैं। राजद और भाजपा में यही अंतर है। राजद के 15 वर्ष के जंगलराज में नौजवानों के सामने पहचान का संकट था। आज बिहार के युवा जहां भी काम करते हैं वह गर्व से कहते हैं कि वह बिहार के रहने वाले हैं। सरकार का आना-जाना लोकतंत्र का हिस्सा है। लोकतंत्र औपचारिकता नहीं सेवा का माध्यम है। अच्छे लोग चुनकर आएंगे तो अंतिम पायदान तक विकास होगा। बजट में किसान, मजदूर, व्यापारी को मिले लाभ गिनाते हुए उन्होंने कहा कि भलाई की 129 योजनाएं चल रही हैं। इस मौके पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नित्यानंद राय, कृषि मंत्री प्रेम कुमार मौजूद थे।

