पुलवामा हमले के तार बांका से जुड़े होने की खुफिया रिपोर्ट के आधार पर पुलिस द्वारा हिरासत में लिए गए रेहान और नौशाद को पुलिस ने पूछताछ के बाद रविवार को रिहा कर दिया। एसपी ने कड़ी निगरानी में दोनों से पूछताछ की। पुलिस दोनों को विशेष वाहन से उसके घर तक छोड़ आई। पुलिस के अनुसार दोनों पर पैनी नजर रखी जाएगी।

Whatsapp group Join

खुफिया विभाग ने एक सूचना जारी की कि पुलवामा हमले का मास्टरमांइड बांका का है। इसके बाद तो बांका ही नहीं पूरे राज्य की पुलिस की नींद उड़ गई। शुक्रवार रात से ही पुलिस लगातार काम कर रही थी। शनिवार की सुबह शंभूगंज थाना के बेलारी गांव में बांका और झारखंड की पुलिस ने छापेमारी कर मो. रेहान को हिरासत में ले लिया था। इसके बाद पुलिस को बेलारी निवासी मो. नौशाद की तलाश थी।

पुलिस ने नौशाद की पत्नी व बेटी को भी हिरासत में ले लिया। नौशाद को पुलिस की इस कार्रवाई की जब जानकारी मिली तो शनिवार की देर रात लखीसराय के सूर्यगढ़ा थाना में उसने आत्मसमर्पण कर दिया। बांका पुलिस ने रात में ही सूर्यगढ़ा जाकर नौशाद को गिरफ्त में ले लिया और रविवार की सुबह बांका ले आयी।

इस बीच नौशाद और रेहान को पुलिस लाइन में आमने-सामने बिठाकर पूछताछ की गई। एसपी स्वप्ना जे मेश्राम करीब तीन घंटे तक दोनों से पूछताछ करती रही। इसके बाद दोनों को वापस घर भेजने का निर्देश एसपी ने दिया। रविवार की सुबह ही नौशाद की पत्नी व बेटी को भी पुलिस ने छोड़ दिया।

दोनों पर रहेगी पुलिस की नजर
एसपी ने बताया कि एक अज्ञात ईमेल मिला था, जिसमें इन दोनों की चर्चा थी। दोनों से पूछताछ के बाद कहीं भी कोई ऐसी बात सामने नहीं आई। इस कारण दोनों को छोड़ दिया गया है। हालांकि, दोनों पर पुलिस की पैनी नजर बनी रहेगी।

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *