भागलपुर रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार को एक मजदूर को ओएच लाइन से करंट लग गया और बुरी तरह घायल हो गया। वह स्टेशन पर बन रहे नए फुट ओवर ब्रिज निर्माण का काम कर रहा था। दरअसल शुक्रवार की सुबह इलेक्ट्रिक इंजन का भागलपुर से जमालपुर के बीच में ट्रायल होना था । इसके लिए हाल में किए गए विद्युतीकरण के बाद लगे ओवरहेड लाइन में करंट चालू की गई थी ।
इसकी सूचना सुबह 9:42 में ही रेलवे के हर विभाग को मेमो के जरिये दी गयी थी। बावजूद इसके पुल निर्माण विभाग के सुपरवाइजर और कॉन्ट्रैक्टर ने इसकी सूचना मजदूरों को नहीं दी। दिन के लगभग 12.20 में पुल निर्माण में कार्यरत मजदूर जैसे ही छह नंबर प्लेटफार्म की तरफ काम करने ऊपर चढ़ा करंट का जोरदार झटका लगा और वह लगभग 30 फीट की ऊंचाई से नीचे गिर गया।

आनन-फानन में उसे उठाकर रेलवे अस्पताल ले जाया गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद जेएलएनएमसीएच रेफर किया गया है । घायल मजदूर बंगाल के चकदा थाना का रहने वाला है जिसका नाम रकीबुल है। घटना के बाद कॉन्टेक्टर कंपनी और ब्रिज डिपार्टमेंट से कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचे थे।


