नवगछिया : बिहार पुलिस के स्पेशल टास्क फोर्स को बहुत बड़ी सफलता हाथ लगी है. एसटीएफ द्वारा चलाए गए ऑपरेशन के दौरान खगड़िया के दारोगा आशीष कुमार सिंह की हत्या के अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया गया है. एसटीएफ काफी दिनों से दारोगा आशीष कुमार सिंह की हत्या के अभियुक्तों की तलाश में जुटी थी.
Total Downloads: 3
भागलपुर के नाथनगर में चला ऑपरेशन
एसटीएफ को सूचना मिली थी कि खगड़िया के तत्कालीन पसराहा थाना अध्यक्ष आशीष कुमार सिंह को मुठभेड़ में शहीद करने वाले अपराधी नाथ नगर इलाके में जमा हैं. एसटीएफ के आईजी सुशील मान सिंह खोपड़े के निर्देश पर एसटीएफ एसपी रंजीत मिश्रा के नेतृत्व में टीम गठित कर तत्काल छापामारी के लिए भेजा गया.

एसओजी वन की टीम ने भागलपुर के नाथ नगर इलाके में घेराबंदी कर अपराधी को दबोच लिया है. भागलपुर के नाथनगर थाना अंतर्गत राघोपुर से अशोक मंडल नाम के अपराधी को गिरफ्तार किया गया है. गिरफ्तार अपराधी अशोक मंडल दिनेश मुनि के साथ मिलकर आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देता था. गिरोह का सरगना अभी भी फरार है. एसटीएफ़ उसकी तलाश कर रही हैं.
आशीष कुमार सिंह थे पसराहा थानाध्यक्ष
खगड़िया जिला के पसराहा थानाध्यक्ष आशीष कुमार सिंह मुठभेड़ के दौरान वीरगति को प्राप्त हो गए थे. दिनेश मुनि गिरोह के जमावड़े की सूचना पर आशीष कुमार सिंह थाना में उपलब्ध पुलिस बल को लेकर दियारा में ऑपरेशन के लिए चले गए थे. उसी समय अपराधियों द्वारा की गई फायरिंग में दारोगा वीरगति को प्राप्त हो गए थे.

आशीष कुमार सिंह मूल रूप से सहरसा जिला के रहने वाले थे. उनकी शहादत को लेकर काफी हंगामा भी मचा था. खगड़िया की एसपी से परिजनों ने नाराजगी भी जताई थी. एसटीएफ़ ने इस अपराधी को गिरफ्तार कर एक बड़ी सफलता हासिल की है. मूल रूप से सहरसा के रहनेवाले शहीद सब इंस्पेक्टर आशीष कुमार सिंह वर्ष 2009 बैच के सब इंस्पेक्टर थे. वह सहरसा जिले के सरोजा निवासी थानेदार गोपाल सिंह के पुत्र थे.

आशीष कुमार सिंह तीन भाइयों में सबसे छोटे थे. उनका ननिहाल खगड़िया जिले के चौथम थाना क्षेत्र के लालपुर में है. खगड़िया जिले के पसराहा थानाध्यक्ष के रूप में आशीष कुमार सिंह ने चार सितंबर, 2017 को योगदान दिया था. तत्कालीन थानाध्यक्ष संजीव कुमार के तबादले के बाद उन्हें पसराहा थाने में पदस्थापित किया गया था.

