नवगछिया : पुलिस द्वारा रात्रि गश्ती के नाम पर पूरी रात एनएच पर ट्रकों से अवैध वसूली करने का खामियाजा नवगछिया पुलिस जिला के लोगों को भुगतना पड़ रहा है। इसका फायदा उठा चोरों ने यहां खासकर व्यवसायियों की नींद हराम कर दी है। कभी दुकानें तो कभी घरों को चोरों द्वारा रात्रि में निशाना बनाया जा रहा है। शुक्रवार की रात गोपालपुर थाना क्षेत्र के मकंदपुर चौक स्थित निर्मला किराना स्टोर का शटर तोड़कर चोर नकदी समेत हजारों के रुपये के किराना सामान ले उड़े।
Total Downloads: 3
जबकि निर्मला किराना स्टोर से महज 50 मीटर दूर पुलिस चौकी है। फिर भी चोर घटना को अंजाम देकर निकल भागे। उदय चौधरी के कॉमप्लेक्स में अमित कुमार चौधरी की किराना दुकान है। घटना को लेकर अमित ने गोपालपुर थाने में मामला दर्ज कराया है। शनिवार सुबह गोपालपुर पुलिस दुकान पहुंची और घटना की जांच की। दुकान मालिक ने पुलिस को बताया कि शनिवार की सुबह पड़ोसी ने आकर बताया कि आपकी दुकान का शटर टूटा हुआ है।

वहां पहुंच तो देखा कि शटर टूटा था और कैश बॉक्स खाली पड़ा था, 25 हजार रुपये थे गायब थे। इसके अलावा दुकान से दो बोरी चावल, गेहूं, हॉर्लिक्स समेत अन्य किराना सामान गायब थे, जिसकी अनुमानित कीमत 50 हजार से ज्यादा है। थानाध्यक्ष श्रीकांत भारती ने बताया कि जल्द ही मामले का उद्भेदन कर लिया जायेगा। दुकान का सामान भी बरामद किया जाएगा। चोरों की पहचान की जा रही है।

एक दर्जन से अधिक दुकानों में हो चुकी हैं चोरी की घटनाएं
गोपालपुर पुलिस की काहिली की वजह से मकंदपुर चौक हमेशा से चोरों के निशाने पर रहा है। यही वजह है कि यहां एक दर्जन से अधिक दुकानों में अब तक चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। सचिन मेडिकल, खाद की दुकान, विरेंद्र किराना स्टोर, किरण किराना स्टोर जैसी दुकानों में पहले चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। इसके अलावा नवगछिया बाजार में भी कई दुकानों में चोरी की वारदात हो चुकी है। इससे नवगछिया अनुमंडल के व्यवसायियों में दहशत व्याप्त है।

