मवेशी को बचाने में एक अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवार एक दूध व्यवसायी को रौंद दिया। इस दुर्घटना में मौके पर ही उसकी मौत हो गई। दुर्घटना एनएच 31 पर रंगरा थाना क्षेत्र के गोपी ढाबा के समीप गुरुवार अलसुबह करीब 3 बजे की है। मृतक दूध व्यवसायी की पहचान गोपालपुर थाना क्षेत्र के कालिंदी नगर निवासी सिकंदर सिेह के बेटे युवराज कुमार उर्फ मंगरू (25) के रूप में की गई।

दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर पूर्णिया की ओर भाग गया। सूचना पर रंगरा पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों से पूछताछ के बाद उसके परिजनों को इसकी सूचना दी। सूचना पर युवराज कुमार के परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और शव को देखते ही दहाड़ें मारकर रोने लगे। इसके बाद पुलिस ने शव का नवगछिया अनुमंडल अस्पताल में पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया। रंगरा थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस ट्रक और उसके चालक को पता लगा रही है।

इधर, घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने बताया कि दूध व्यवसायी रंगरा चौक की ओर से नवगछिया जा रहा था। इसी बीच विपरीत दिशा से आ रहे एक ट्रक मवेशी को बचाने में अनियंत्रित हो गया। और उसने बाइक सवार युवराज कुमार को बुरी तरह कुचल दिया। परिजनों ने बताया कि वह रोज की तरह गुरुवार की सुबह भी घर से दूध लेकर मकंदपुर चौक स्थित एक मिठाई दुकान में दूध देने जा रहा था। तीन भाइयों में से वह सबसे बड़ा था। दूध बेचकर वह अपने परिवार का भरण पोषण करता था। पोस्टमार्टम बाद शव के गांव पहुंचते ही मृतक की मां सरोजनी देवी बहन प्रियंका, नंदिनी व संगीता के चीत्कार से माहौल गमगीन हो गया।

लोगों ने की एनएच पर वाहनों की गति पर लगाम लगाने की मांग

इधर, घटनास्थल पर मौजूद ग्रामीणों ने कहा कि एनएच पर वाहनों की गति पर लगाम लगाने में पुलिस और प्रशासन पूरी तरह विफल साबित हो रही है। इस कारण आए दिन सड़क हादसे के लोग शिकार हो रहे हैं। वाहन चालक एक-दूसरे से आगे निकलने के चक्कर में तेज गति से गाड़ी चलाते हैं। इससे वाहन से वे अपना नियंत्रण खो देते हैं। दुर्घटना के बाद पुलिस और प्रशासन के प्रति लोगों में काफी आक्रोश था। ग्रामीणों ने कहा कि अगर जल्द ही पुलिस वाहनों की गति पर लगाम नहीं लगाएगी तो हम आंदोलन को बाध्य होंगे।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *