पिकअप वैन से पानी के जार के नीचे छिपा कर ले जाई जा रही 60 कार्टन शराब पुलिस ने बरामद किया है। परबत्ता थाने की पुलिस ने यह कार्रवाई वाहन जांच के दौरान विक्रमशिला पुल पहुंच पथ पर जाह्नवी चौक के पास शुक्रवार की देर रात की। हालांकि पुलिस को देखकर वैन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस वैन मालिक और चालक का पता लगा रही है।
Total Downloads: 111
शुक्रवार की रात नवगछिया एसपी को सूचना मिली कि शराब की बड़ी खेप पिकअप वैन से भागलपुर की ओर से नवगछिया की ओर जा रही है। इसके बाद एसपी ने परबत्ता पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना पर परबत्ता थानाध्यक्ष शिवप्रसाद रामानी पुलिस बल के साथ जाह्नवी चौक पर पहुंचे।


कुछ देर बाद वहां से पिकअप वैन बीआर 09 जीए 1741 पहुंची। वैन चालक ने जब जाह्नवी चौक पर पुलिस को वाहनों की जांच करते देखा तो पिकअप वैन को तेज गति से लेकर भागने लगा। पिकअप वेन को तेज गति से भागता देख पुलिस को संदेह हुआ। पुलिस के जवानों ने वैन का पीछा किया। इस दौरान जगतपुर के पास पिकअप वैन छोड़कर चालक भाग गया।
पुलिस ने जब वाहन की तलाशी ली तो उससे 60 कार्टन में कुल 504 लीटर विदेशी शराब मिली। थानाध्यक्ष ने बताया कि गाड़ी के ऊपर पानी का जार रखा हुआ था। जिसके नीचे शराब रखी हुई थी और उसे तिरपाल से ढक दिया गया था।
