भागलपुर: नए साल के जनवरी से भागलपुर के यात्री हमसफर से नई दिल्ली (आनंद विहार टर्मिनल) तक का सफर करेंगे। दिसंबर तक नई लाइन हंसडीहा-गोड्डा चालू होने के बाद हमसफर ट्रेन चलाने की कवायद शुरू कर दी गई है। गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे ने रेल मंत्रालय को तीन ट्रेन चलाने के लिए पत्र दिया है।
Total Downloads: 107
इस ट्रेन से गोड्डा से वाया भागलपुर आनंद विहार टर्मिनल की 1306 किमी की दूरी महज 19.30 घंटे में तय होगी। ट्रेन का परिचालन सप्ताह में एक दिन होगा। सभी कोच वातानुकूलित होंगे। दरअसल, हंसडीहा-गोड्डा के बीच 32 किमी में 16 किमी पोडैय़ाहाट तक रेल ट्रैक बिछाने का काम पूरा हो गया है। दिसंबर तक बचे लाइन का काम भी पूरा कर लिया जाएगा।
नई लाइन की जांच पूरी, ट्रेन चलने का इंतजार
27 अगस्त को मुख्य संरक्षा आयुक्त (सीआरएस) ने हंसडीहा-गोड्डा के सेक्शन के पोडैय़ाहाट तक नई लाइन पर 120 किमी कर रफ्तार से ट्रेन चलाकर जांच पूरी कर ली है। अब सीआरएस की हरी झंडी का इंतजार है। हरी झंडी मिलते ही ट्रेन परिचालन पोड़ैयाहाट तक शुरू हो जाएगा।


पहले फेज में तीन महत्वपूर्ण ट्रेनें चलेंगी
हंसडीहा-गोड्डा नई लाइन चालू होने के बाद यह मार्ग काफी व्यस्त हो जाएगा। संथाल परगाना का इलाका रेल सुविधा से जुड़ जाएगा। इससे भागलपुर के यात्रियों को भी काफी फायदा होगा। गोड्डा के सांसद निशिकांत दुबे ने बताया कि रेल मंत्री को गोड्डा से वाया दुमका होते हावड़ा के लिए इंटरसिटी, वाया देवघर रांची के लिए इंटरसिटी, पटना के लिए वाया भागलपुर इंटरसिटी चलाने के लिए पत्र लिखा है। सांसद ने बताया कि गोड्डा आने वाले दिनों में कई रूटों से जुड़ेगा। यहां से नई दिल्ली के लिए वाया भागलपुर हमसफर भी चलेगी। इसके लिए बोर्ड से बात चल रही है।
विक्रमशिला पर लोड होगा कम
अभी भागलपुर से आनंद विहार र्टिर्मनल के बीच चलने वाली विक्रमशिला एक्सप्रेस पूर्व बिहार की महत्वपूर्ण ट्रेन है। विक्रमशिला भागलपुर से प्रतिदिन हाउसफुल जाती है। दिल्ली की ओर प्रतिदिन रात में सीधी ट्रेन फरक्का एक्सप्रेस ही है। ऐसे में गोड्डा से वाया भागलपुर हमसफर के चलने से यात्रियों को फायदा होगा और दूसरी गाडिय़ों पर लोड भी कम होगा।

कम होगा ट्रेन का ठहराव
हमसफर एक्सप्रेस का ठहराव गोड्डा से आनंद विहार के बीच कम होगा। भागलपुर से खुलने के बाद पटना जंक्शन तक दो से तीन ठहराव दिए जाने की उम्मीद है। सूत्रों की मानें तो हमसफर भागलपुर से खुलने के बाद जमालपुर और किऊल के बाद सीधा पटना में ही रुकेगी।
एलएचबी कोच के साथ थ्री एसी की होंगी बोगियां
हमसफर का परिचालन एलएचबी कोच के साथ किया जाएगा। इसकी पूरी बोगियों थर्ड एसी की होंगी। ट्रेन की रफ्तार भी राजधानी की तरह होगी। भागलपुर के यात्री हमसफर में राजधानी एक्सप्रेस का आनंद लेंगे।
पीके मिश्रा (प्रभारी डीआरएम, मालदा मंडल) ने कहा कि हंसडीहा-पोड़ैयाहाट तक नई लाइन का सीआरएस पूरा हो गया है। दिसंबर से पहले ही गोड्डा तक लाइन बिछाने का काम पूरा हो जाएगा। इसके बाद भागलपुर-गोड्डा और अन्य रूट के लिए ट्रेनें चलेंगी।

मुख्य बातें
– साप्ताहिक होगी ट्रेन, सभी बोगियां होंगी वातानुकूलित
– दिसंबर तक तैयार हो जाएगा हंसडीहा-गोड्डा नई लाइन
– गोड्डा से वाया भागलपुर चलेगी ट्रेन,
– 1306 किमी का सफर करीब 19.30 घंटे में होगा पूरा
– ट्रेन परिचालन को लेकर जुटा रेलवे, सांसद ने बोर्ड को भेजा पत्र
