नवगछिया : थाना क्षेत्र के तेलघी गांव में मामूली विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई। इसमें एक पक्ष से अमित कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया।परिजन उसे इलाज के लिए पीएचसी ले गए जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत देखते हुए उसे मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया।
मामले को लेकर घायल ने गांव के चितरंजन सिंह, रामबालक सिंह, अरविंद सिंह व राहुल कुमार के खिलाफ थाने में आवेदन दिया है। जिसमें लिखा है कि आरोपी अपना मवेशी मेरे घर के सामने जबरन सड़क पर रखते हैं। इससे गंदगी फैलती है। मेरे घर का दरवाजा भी गंदा हो जाता है।विरोध करने पर आरोपियों ने मेरे साथ मारपीट की। वहीं गोपालपुर थाना के कालन्दीनगर में आपसी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई।

इसमें एक पक्ष के पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में अरविंद शर्मा, रेखा देवी, निधि कुमारी, राज कुमार व सरस्वती कुमारी शामिल हैं। परिजन सभी को इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत देखते हुए डाक्टरों ने सभी को मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया।


