बिहार ने केंद्र के सामने फरक्का बराज के कारण गंगा के पानी के डिस्चार्ज में हो रही परेशानी पर कड़ी नाराजगी प्रकट की। इसके बाद सोमवार देर रात को फरक्क के 8 और गेट खोल दिए गए। इस तरह बराज के 109 गेट में 63 गेट खोले जा चुके हैं। इसका परिणाम यह है कि फरक्का में गंगा के पानी का डिस्चार्ज अब 14.5 लाख से बढ़कर 19 लाख क्यूसेक हो गया है। इस बीच पटना के डीएम कुमार रवि ने बताया कि ज्यादा गेट खोले जाने से मंगलवार सुबह से गंगा का पानी घटने लगेगा। भागलपुर समेत गंगा किनारे बसे शहरों को राहत मिलेगी। इससे पहले बिहार के जल संसाधन मंत्री संजय झा ने सोमवार को केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत से बात कर गंगा के पानी को फरक्का बराज होकर रास्ता देने का अनुरोध किया। आग्रह के बाद केंद्र ने शाम से 14 की जगह 16 लाख क्यूसेक और पानी छोड़ने का आदेश दिया। केंद्रीय मंत्री से बातचीत में संजय झा ने कहा कि गंगा में 17-18 लाख क्यूसेक पानी पहुंच चुका है जबकि फरक्का में 14 लाख क्यूसेक पानी के बहाव का ही रास्ता दिया गया है।

राज्य सरकार ने कहा-गंगा के पानी के बहाव का गलत आंकड़ा पेश कर रहा केंद्रीय जल आयोग

बिहार के मंत्री ने केंद्रीय जल आयोग के इस दावे पर भी कड़ी नाराजगी दिखाई जिसमें कहा गया कि फरक्का बराज पर चौदह-साढ़े चौदह लाख क्यूसेक पानी है। मंत्री ने कहा कि बक्सर में साढ़े 11 लाख क्यूसेक पानी आ रहा है, पटना में यह साढ़े 14 लाख हो रहा है और इसके बाद कई और नदियों का पानी बिहार में ही मिलता है। ऐसे में बिना ज्यादा गेट खोले राहत कैसे मिलेगी। संजय झा ने कहा कि मुख्यमंत्री ने खुद हवाई सर्वे के दौरान गंगा की गंभीर स्थिति को देख पीएमओ में फोन किया।

भागलपुर जिले के 14 प्रखंडाें में बाढ़ के हालात

भागलपुर| गंगा के जलस्तर में सोमवार को भी वृद्धि जारी रही। जिले के 16 में 14 प्रखंडाें में बाढ़ का पानी घुस चुका है। गंगा नवगछिया में खतरे के निशान से गंगा 115 सेंमी. और कहलगांव में 86 सेंमी. ऊपर बह रही थी। बारखरपुर दियारा में ग्रामीण सड़क दोपहर ध्वस्त हो गई। सड़क टूटने से स्कूली बच्चे नाव पर सवार होकर घर लौटे। सुल्तानगंज प्रखंड के आठ सरकारी स्कूलों को बंद कर दिया गया है। यहां होने वाली अर्द्धवार्षिक परीक्षा स्थगित कर दी गई है। उधर, नाव की मांग को लेकर कहलगांव की भोलसर पंचायत के ग्रामीणों ने पकड़तल्ला के पास एनएच को एक घंटे जाम कर दिया। परबत्ता थाना परिसर में भी पानी घुस गया।

सीएम ने पीएमओ से की थी बात- इसके बाद हरकत में आया केंद्र, फरक्का से डिस्चार्ज बढ़ाने का दिया आदेश

बिहार सरकार की पहल के बाद फरक्का बराज से 16 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा जाना शुरू हो गया है। सोमवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने यह जानकारी संवाददाताओं को दी। पुनाईचक पार्क में भामाशाह की आदमकद प्रतिमा के अनावरण के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि अब ज्यादा चिंता करने की जरूरत नहीं है। हमारी केंद्र सरकार से बात हो गई है। फरक्का बराज से 16 लाख क्यूसेक पानी का डिस्चार्ज कराया जाना शुरू हो गया है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *