नवगछिया – नवगछिया के स्टेशन रोड स्थित भाजपा नेता प्रवीण कुमार भगत के आवासीय परिसर में केंद्रीय परिवार एवं कल्याण मंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने जल संसाधन विभाग, स्वास्थ्य विभाग, रेलवे, स्थानीय पुलिस, प्रशासनिक पदाधिकारियों के साथ बैठक कर पहले बाढ़ के हालात की जानकारी और फिर आवश्यक निर्देश भी दिया. मंत्री ने सैदपुर, इस्माइलपुर और रंगरा में समुचित राहत कार्य चलाने का निर्देश पदाधकारियों को दिया और खास कर नरकटिया तटबंध की स्थिति की जानकारी उन्होंने पदाधिकारियों से ली और कहा कि नरकटिया में काफी भयावह स्थिति है.

ऐसी स्थिति में जल संसाधन विभाग और स्थानीय प्रशासन पूरी तकात लगा कर बांध को टूटने से बचायें, अगर वह बांध टूट जाता है तो बड़ी तबाही होगी. श्री चौबे ने प्रशासनिक पदाधिकारियों को संजीदगी से कार्य करने का निर्देश दिया और बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए तत्पर रहने का भी निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि खास कर नरकटिया तटबंध को बचाने के लिए वे संबंधित विभाग के सचिव से भी बात करेंगे. नवगछिया पूर्वी केबिन पर विगत तीन से ओवरब्रीज निर्माणाधीन रहने के मामले पर भी कहा कि वे इस मामले में पहल करेंगे.

बैठक के बाद सभा में कुछ भाजपा कार्यकर्ताओं की शिकायत कि स्थानीय पदाधिकारी उनकी सुनते नहीं है, इस बात पर श्री चौबे ने मंच के माध्यम से कहा कि हरेक जनप्रतिनिधियों की वाजिब बातों का ध्यान पदाधकारियों को हर हालत रखना चाहिए. श्री चौबे ने बाद में इसी मामले पर कुछ वरीय पदाधिकारियों से भी बात की.

नवगछिया के कुछ अनुसुचित जाति के लोगों के घरों में अब तक बिजली न पहुंचने के मामले पर स्थानीय पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी हालत में बिजली से वंचित लोगों के घरों में बिजली लगना चाहिए. बैठक में नवगछिया के एसडीओ मुकेश कुमार, एसडीपीओ प्रवेंद्र भारती, कार्यपालक पदाधिकारी संजीव कुमार सुमन, जल संसाधन विभाग के कार्यपालक अभियंता अनिल कुमार समेत अन्य विभाग के भी पदाधिकारी मौजूद थे.

भाजपा जदयू में सब कुछ ठीक नहीं, भाजपा नेताओं ने खुले मंच से की सांसद विधायक की आलोचना

स्थानीय स्तर पर भी भाजपा जदयू में सब कुछ ठीक ठाक नहीं चल रहा है. इसका उदाहरण भारत एकता अभियान नामक कार्यक्रम में खुले मंच से दिखा. भाजपा के जिलाध्यक्ष विनोद कुमार मंडल ने खुले मंच से श्री चौबे के सामने बाढ़ की समस्याओं का जिक्र करते हुए कहा कि यहां के लोग सांसद और विधायक को नहीं जानते हैं, चुनाव हो गया काम समाप्त हो गया. हमलोगों ने चुनाव में नरेंद्र मोदी के नाम पर मदद किया. विनोद यहीं पर नहीं रूके, उन्होंने स्थानीय प्रशासनिक पदाधिकारियों को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि वे सुनते नहीं है, खुले आम रकम लेते हैं.

बैठक किया जाता है तो जिलाध्यक्ष को सूचना तक नहीं दी जाती है. विनोद ने कहा कि यहां कोई सुनने वाला नहीं है. एक आप पर ही यानी चौबे जी पर ही भरोसा है. जब भी जनता की समस्याओं की सूचना मिले तो निदान करें और स्थिति में बदलाव लाने के लिए भी पहल करें. वरिष्ठ भाजपा नेता नेता गुलाबी सिंह ने भी सांसद और विधायक पर निशाना साधते हुए कहा कि इस बार लोकसभा चुनाव में बढ़ चढ़ कर मतदान किया और सांसद बनाया लेकिन इस दुख की घड़ी में सांसद उनलोगों को देखने तक नहीं आये हैं.

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *