बिहपुर के नरकटिया-नन्हकार बांध की स्थिति रविवार को और भयावह हो गयी। पानी बढ़ने और भारी बारिश से जमींदारी बांध किसी भी समय टूट सकता है। कटाव का दायरा बढ़कर अब 350 फीट हो गया है। दो-तीन जगह भीषण कटाव शुरू हो गया है। बांध टूटने पर नरकटिया, सोनबर्षा, गौरीपुर एवं मड़वा, जमालपुर, जयरामपुर सहित अन्य गांवों के लोग प्रभावित होंगे। साथ ही किसानों को लाखों का नुकसान होगा। रविवार को दिनभर बारिश होने से कटाव और तेज हो गया। इससे कटावरोधी कार्य में रुकावट आयी। स्थानीय लोग दिन-रात बचाव कार्य में लगे हुए हैं। खतरे को देखते हुए नरकटिया के ग्रामीण घर के सामान को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने लगे हैं।

नरकटिया के लोगों ने ली बांध पर शरण

बिहपुर। नरकटिया के रामचन्द्र दास, रंजीत दास, गुदो दास, दीपक दास, सचिन दास, दशरथ सिंह, पुत्ती सिंह, कैलाश सिंह, खलिल नदाफ, किशोरी सिंह, भादो सिंह, चानो दास, कंचु सिंह का घर कटाव के मुहाने पर था। सबों ने रविवार को अपना घर खाली कर बांध पर प्लास्टिक तानकर रहने लगे।

खरीक: लोकमानपुर पंचायत जलमग्न, ऊंची जगह पर गये लोग

खरीक। कोसी नदी के जलस्तर में पुनः हुई वृद्धि के कारण पांच हजार से अधिक आबादी वाली लोकमानपुर पंचायत समेत सिहकुंड गांव जलमग्न हो गया है। अधिकांश लोगों के घरों में बाढ़ का पानी प्रवेश कर चुका है। लोग ऊंचे स्थानों पर शरण लिये हुए हैं। शेख व पैनी दास का फूस का घर गिर पड़ा।

झांव के पास जमीनदारी तटबंध पर रिसाव होने से अफरातफरी

खरीक। राघोपुर-काजीकोरैया तटबंध पर झांव के समीप रविवार को रिसाव देख कर लोगों में अफरातफरी मच गयी। सूचना पर बीडीओ सुधीर कुमार पहुंच कर जायजा लिया। राघोपुर में कैम्प कर रहे अभियन्ताओं की टीम मौके पर पहुंची और रिसाव को बंद किया। पूर्व जिप सदस्य विजय मंडल सहित ग्रामीणों ने बताया कि वर्षा के कारण बांध की मिट्टी गीली हो गयी है। यह खतरनाक है।

नारायणपुर में भारी बारिश से तीन घर गिरे, जनजीवन अस्त-व्यस्त

नारायणपुर। प्रखंड क्षेत्र में तीन दिनों से हो रही लगातार भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। जयपुर चुहर पूरब पंचायत के पीएचसी नजदीक वार्ड में तीन घर गिरने से पीड़ित परिवार की परेशानी बढ़ गई है। वार्ड सदस्य संजीव कुमार ने मुखिया तनीशी सिंह व सीओ रामजपी पासवान को सूचना देकर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वर्षा से पूरे प्रखंड में पानी है। जिला प्रशासन का निर्देश मिलने पर सहयोग किया जाएगा।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *