नवगछिया : विक्रमशिला सेतु व संपर्क पथ पर पिछले 36 घंटों से जाम यथावत है. मंगलवार को दिन में बारह बजे से लेकर पांच बजे तक नो इंट्री लगाने के बाद स्थिति अनियंत्रित है तो दूसरी तरफ बुधवार को दोपहर बाद जगतपुर के पास सेतु पथ पर एक पीअप खराब हो जाने और देर शाम विक्रमशिला सेतु पर एक ट्रक खराब हो जाने के कारण स्थिति और ज्यादा भयावह हो गयी. देर शाम ट्रक को हटाने का काम परवत्ता और बरारी पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से किया जा रहा था लेकिन समाचार लिखे जाने तक खराब ट्रक को नहीं हटाया गया था.

– बड़ी संख्या में ट्रकों के फंसे रहने से लग रहा है जाम

– मंगलवार को नो इंट्री लगने के बाद से स्थिति अनियंत्रित

– मूक दर्शक है व्यवस्था, नहीं सूझ रहा है कोई उपाय

बड़ी संख्या में ट्रक दो दिनों से विक्रमशिला सेतु पथ और राजमार्ग पर फंसे हैं. जाम लगने का सबसे बड़ा कारण यही बताया जा रहा है. विक्रमशिला सेतु पथ पर दो कतार में ट्रक दो दिनों से खड़ें हैं. जिससे सेतु पथ वनवे के लायक है. दिन भर सेतु पथ पर वाहन रैंगते रहे और पुलिस प्रशासन द्वारा किया गया हर प्रयास विफल रहा. बुधवार को नवगछिया से भागलपुर जाने में चार से पांच घंटे का समय लग रहा था. पुल की रैलिंग पैदल चलने वाले यात्रियों से भरा पड़ा था, इस कारण बाइक सवार को भी पुल पार करने में लगभग एक घंटे का समय लग रहा था.

नवगछिया से भागलपुर जाना आना टेढ़ी खीर

बुधवार को नवगछिया से भागलपुर आना जाना टेढी खीर थी. कई स्थानीय लोगों ने जाम की स्थति को देखते हुए अपना भागलपुर जाने का प्रोग्राम केंसिल कर दिया. खास कर वैसे लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा जो ऑटो या अन्य किसी सवारी गाड़ी से भागलपुर आते जाते हैं. ऐसे लोग नवगछिया की ओर से किसी तरह जाह्नवी चौक पहुंच जा रहे थे लेकिन वहां से पुल पार करने का कोई विकल्प नहीं था. मजबूरी में ऐसे लोग पैदल ही पुल को पार कर रहे थे. नवगछिया की सरीता देवी, आभा कुमारी, खुशबू कुमारी खरीददारी करने जा रहे थे.

तीनों को जाह्नवी चौक से वापस लौटना पड़ा. सरीता देवी ने जानकारी देते हुए कहा कि अगर वे लोग किसी तरह भागलपुर पहुंच भी जाते तो वहां से वापस सामान के साथ आना मुश्किल था, इसलिए वे लौट गयी. नवगछिया की कई छात्राएं बुधवार को भागलपुर स्थिति अपने कैंपस नहीं जा सकी. ऐसी छात्राओं को बैरंग नवगछिया लौटना पड़ा. बुधवार को कई पदाधिकारी भी जाम में फंसे दिखे. हालांकि बाद में पूछे जाने पर ऐसे पदाधिकारियों में जाम में फंसने की बात से इनकार किया है. नारायणपुर की वृद्धा मंजू देवी ऑटो से अपने पित को लेकर इलाज कराने के लिए भागलपुर जा रही थी. बीच पुल पर वह घंटों से जाम में फंसी थी. इधर ट्रक चालकों की स्थिति भी खास्ताहाल है. दो दिनों से जाम में फंसे रहने के कारण कई ट्रक चालक भूखे प्यासे जाम छूटने का इंतजार कर रहे हैं. चालकों को सबसे ज्यादा समस्या पानी की हो रही है.

कहती है एसपी

नवगछिया की एसपी निधि रानी ने कहा कि मंगलवार को भागलपुर में विभिन्न कार्यक्रम होने के कारण नो इंट्री लगाने के कारण जाम की स्थिति उत्पन्न हो गयी थी तो बुधवार को दो वाहनों के खराब हो जाने के कारण जाम की स्थिति है. जाम को समाप्त करने के लिए पुलिस बल तत्पर है. जल्द से जल्द जाम पर नियंत्रित कर लिया जायेगा.

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *