कार्रवाई : गोपालपुर के धरहरा गांव में छापेमारी के दौरान नवगछिया पुलिस ने घर से दबोचा

खरीक के जिप सदस्य तुलसीपुर निवासी गौरव राय के बड़े भाई सोनू राय हत्याकांड के सातवें दिन नवगछिया पुलिस ने इस मामले का अप्राथमिकी आरोपी शातिर गांधी यादव को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने गोपालपुर थाना क्षेत्र के धरहरा गांव में छापेमारी के दौरान उसके घर से दबोचा। गिरफ्तार गांधी यादव छोटुवा गिरोह का शूटर है। उसकी गिरफ्तारी के बाद परिजनों ने अपहरण की अफवाह फैला दी, लेकिन देर शाम पुलिस ने स्पष्ट किया कि गांधी यादव को सोनू राय हत्याकांड में गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस अनुसंधान में पता चला था कि गांधी यादव सोनू राय हत्याकांड में छोटुवा के साथ संलिप्त था। अनुसंधान में यह बात भी सामने आई है कि घटना की रेकी करने में गांधी अहम भूमिका में था। देर रात तक नवगछिया पुलिस उससे पूछताछ कर रही थी। साथ ही उसकी निशानदेही पर अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

पुलिस ने बताया कि दस जुलाई को दोपहर तीन बजे गोशाला रोड स्थित किराना दुकानदार प्रदीप भगत को रंगदारी मांगने का विरोध करने पर अपराधियों ने पिस्तौल की बट से मार कर घायल कर दिया था। इस कांड में भी छोटुवा के साथ गांधी यादव का नाम भी सामने आया था। इसके अलावा 26 अक्टूबर 2014 को गोपालपुर के धरहरा गांव के पास हुए कुर्सेला के ईंट भट्ठा व्यवसायी पिंकू चौधरी की हत्या मामले में भी गांधी यादव का नाम मुख्य शूटर के रूप में सामने आया था। 2014 के एक आर्म्स एक्ट मामले में भी आरोपी रहा है।

कुख्यात राकेश और छोटुवा की गिरफ्तारी के लिए सीमावर्ती जिलों में चल रही है छापेमारी

सोनू राय हत्याकांड में मुख्य आरोपी कुख्यात राकेश राय और शूटर पुरषोत्तम कुमार उर्फ छोटुवा की गिरफ्तारी के लिए पुलिस नवगछिया समेत सीमावर्ती जिले में सघन छापेमारी कर रही है। पुलिस और एसटीएफ की चार टीमें अलग-अलग जगहों पर छापेमारी कर रही है। सूत्रों की मानें तो 24 घंटे से राकेश राय का कोई लोकेशन पुलिस को नहीं मिला है जबकि छोटुवा का लोकेशन मंगलवार को पूर्णिया में मिला था। दूसरी तरफ इस कांड में संलिप्त अन्य शूटरों के लोकेशन भी अलग अलग जगहों पर मिल रहे हैं।

अन्य अपराधी की जल्द होगी गिरफ्तारी

सोनू राय हत्याकांड में पहले दिन ही राकेश राय के पुत्र मुरली राय की गिरफ्तारी कर ली गई है। इस कांड में संलिप्त दूसरे अपराधी गांधी यादव को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस सक्रियता और सजगता से छापेमारी कर रही है। जल्द ही सभी अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जायेगा। -निधि रानी एसपी, नवगछिया

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *