बकाया किस्त के नाम पर ट्रकों को रोक चालकों से हो रही वसूली को लेकर शनिवार को नवगछिया में जिला ट्रक ऑनर एसोसिएशन ने बैठक की। बैठक में निर्णय लिया गया कि रविवार को इस पर रोक लगाने और संबंधित दबंगों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए नवगछिया एसपी और रेंज डीआईजी को आवेदन दिया जाएगा। संघ का कहना है कि तेतरी जीरोमाइल से जाह्नवी चौक तक रात में बकाया किश्त के नाम पर ट्रक चालकों से वसूली की जा रही है।
Total Downloads: 382
संघ का यह भी कहना है कि इससे विक्रमशिला पुल पहुंच पथ पर घंटों वाहनों को रोका जा रहा है जिस कारण जाम लग रहा है। नवगछिया में यह खेल पुलिस व प्रशासन से छिप कर धड़ल्ले से चल रहा है। एसोसिएशन के प्रवक्ता बबलू मंडल ने पुलिस को दिए आवेदन में कहा है कि इससे ट्रक चालकों में दहशत का माहौल है। बिना किसी प्रकार के बकाया के ही ट्रक को रोक लिया जा रहा है।

प्रशासन को सूचना देने की बात कहने पर बदमाश पुलिस के आने से पहले भाग जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बेतिया के ट्रक यूनियन के अध्यक्ष रामाशीष राव की गाड़ी को बकाया के नाम पर घंटों रोक लिया गया था। जबकि उनके यहां कोई राशि बकाया नहीं थी। इसकी सूचना जब उनके द्वारा पुलिस को दी गई तो वे लोग वहां से भाग गए। इसके अलावा पीरपैंती के लकड़ाकोल के सोनू यादव, महेशखूंट के चंदन सिंह के ट्रक चालकों को रोका गया था। इधर, नवगछिया एसडीपीओ प्रवेंद्र भारती ने कहा कि फाइनेंस कंपनी के नाम पर गाड़ी रोके जाने की सूचना दी मिली थी।
इसके बाद परबत्ता पुलिस को वहां भेजा गया था लेकिन तब तक बदमाश फरार हो चुके थे। अवैध वसूली की शिकायत नहीं मिली है। ट्रक ऑनर ने उन लोगों के नाम उपलब्ध कराने को कहा गया है। आवेदन मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।

