खरीक|अवैध तेल कारोबारी अंभो निवासी दरेश सिंह के अड्डे से गिरफ्तार बरौनी थाना क्षेत्र के मुसादपुर निवासी टैंकर चालक शत्रुघ्न महतो और खलासी रणजीत महतो को गुरुवार को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया। बुधवार की देर रात खरीक पुलिस को सूचना मिली की तेल माफिया के यहां एनएच 31 के रास्ते जा रहे टैंकर से तेल कटिंग का खेल किया जा रहा है।
इसके बाद थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अड्डे पर धावा बोला और तेल कटिंग करा रहे चालक व खलासी को गिरफ्तार कर लिया। जबकि मुख्य सरगना दरेश सिंह एवं उसका भाई शातिर सुशील सिंह अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे। इसके बाद पुलिस ने कारोबारी के अड्डे पर छापामारी की।

जिसमें 100 लीटर अवैध डीजल, 38 खाली ड्राम, नोजल, पाइप लगा हुआ पंप सेट आदि जब्त किया था। इस मामले में दरेश सिंह समेत अन्य कई तेल माफिया के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। एसडीपीओ प्रवेन्द्र भारती ने बताया कि शीघ्र ही कारोबार को भी दबोच लिया जाएगा।


