फिल्मकार आनंद एल. राय ने बुधवार को कहा कि उनकी आने वाली फिल्म ‘अतरंगी रे’ में अभिनेता धनुष, सारा अली खान और अक्षय कुमार अभी तक के अपने सबसे अलग अंदाज में नजर आएंगे. आनंद और धनुष इससे पहले 2013 में फिल्म ‘रांझणा’ में साथ काम कर चुके हैं.
Total Downloads: 385
अक्षय कुमार इसमें एक ‘खास भूमिका’ में नजर आएंगे और सारा अली खान फिल्म में मुख्य अदाकारा का किरदार निभाएंगी. निर्देशक ने कहा कि फिल्म के विषय को किसी एक श्रेणी में नहीं बांधा जा सकता.

राय ने एक बयान में कहा, ‘ तीनों ही किरदार अजीब तरीके से मजाकिया हैं और यह उनके भावनात्मक सफर की कहानी है. मैं हमेशा ऐसे लोगों के साथ काम करना चाहता हूं कि जो मेरी तरह ही भावनात्मक रूप से कहानी से जुड़ें हो और ये तीनों ऐसे ही हैं. फिल्म में इन तीनों किरदारों में कुछ ऐसी बातें हैं जो पहले कभी नहीं देखी गई होंगी.’

निर्माताओं के अनुसार, फिल्म की शूटिंग मार्च में शुरू होगी. पहले इसकी शूटिंग बिहार और फिर मदुरै में की जाएगी. फिल्म ‘अतरंगी रे’ की कहानी राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता हिमांशु शर्मा ने लिखी है और एआर रहमान इसका संगीत देंगे. ‘कलर येलो प्रोडक्शन्स’, ‘टी-सीरीज’ और ‘कैप ऑफ गुड फिल्म्स’ मिलकर फिल्म का निर्माण कर रहे हैं

