नवगछिया : भवानीपुर ओपी पुलिस ने छापेमारी कर हथियार गोली एवं शराब के साथ चार अपराधियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार अपराधियों में भवानीपुर ओपी के बिरबन्ना निवासी साकेत कुमार, सोनी कुमार सिंह, बिहपुर थाना क्षेत्र के मड़वा जमालपुर निवासी मनीष कुमार एवं अंकित कुमार शामिल हैं. अपराधियों के पास से पुलिस ने एक देशी पिस्तौल, 11 गोली, दो खोखा, 4.32 लीटर विदेशी शराब, एक मोटरसाइकिल, तीन मोबाइल फोन बरामद किया है.
Total Downloads: 102
सभी अपराधियों की गिरफ्तारी बिरबन्ना चौक से पुलिस टीम ने छापेमारी कर की है. नवगछिया एसपी स्वप्ना जी मेश्रम ने जानकारी देते हुए बताया कि सूचना मिली थी कि बिरबन्ना चौक पर कुछ अपराधी हथियार के साथ जमा हुए हैं. सूचना मिलने पर भवानीपुर ओपी के सअनि परमहंस सिंह एवं पुलिस बल द्वारा छापेमारी कर सभी अपराधियों को हथियार एवं गोली व शराब के साथ गिरफ्तार किया है.

भवानीपुर पुलिस ने जानलेवा हमले के आरोपी चौहद्दी निवासी रणवीर यादव एवं भवानीपुर थाना के प्राथमिकी अभियुक्त नारायणपुर निवासी कोको यादव को भी छापेमारी कर गिरफ्तार कर लिया है. जबकि गोपालपुर पुलिस ने मधनिषेद मामले के अभियुक्त सैदपुर निवासी बमबम सिंह को गोपालपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. नवगछिया पुलिस ने शादी की नीयत से अपहृत लड़की को बरामद कर लिया है जबकि आरोपी युवक झंडापुर ओपी के ओलियाबाद निवासी गोपाल झा को भी गिरफ्तार कर लिया है.

