नवगछिया : रविवार की तड़के लगभग 4 के करीब एन एच 31 सड़क मार्ग पर ट्रक और कार की आमने-सामने की भिड़ंत हो गई. जिसमें चालक सहित दो लोगों की इलाज के दौरान अस्पताल में मौत हो गई. हादसा गोपालपुर थाना क्षेत्र के साक्षी धर्म कांटा के समीप एनएच 31 सड़क मार्ग पर बताई जाती है. मृतक की पहचान 24 वर्षीय मालो कोको, पिता स्वर्गीय लखन मोहन, साकिन बादल कोना, पोस्ट आरामबाग, थाना आरामबाग, जिला हुगली, पश्चिम बंगाल एवं अमन कुमार शर्मा (36), पिता सुरेंद्र शर्मा, ग्राम बसंतपुर कसबा, थाना कस्बा, जिला पूर्णिया के रूप में की गई है.
जबकि एक गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को मायागंज अस्पताल भेज दिया गया है. जहां उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है. घायल की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है. घटना के संबंध में मिली जानकारी अनुसार कार पर चालक सहित 3 लोग सवार थे. मृतक अमन कुमार शर्मा कोलकाता स्थित एक टेलीकॉम कंपनी में मैनेजर के पद पर कार्यरत था. अमन चालक के अलावे अपने एक साथियों के साथ शनिवार को भागलपुर और नवगछिया होते हुए पूर्णिया स्थित अपने घर लौट रहा था.

इसी दौरान एनएच 31 सड़क मार्ग पर साक्षी धर्म कांटा के समीप हादसे का शिकार हो गया. घटना की सूचना पर पहुंची गोपालपुर पुलिस द्वारा गंभीर रूप से तीनों घायलों को इलाज के लिए नवगछिया अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया गया. इलाज के दौरान नवगछिया अनुमंडल अस्पताल में ही अमन कुमार की मौत हो गई. जबकि गंभीर रूप से घायल 2 लोगों को बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल भेज दिया गया.
मायागंज अस्पताल में गाड़ी के चालक मालो कोको की भी इलाज के दौरान मौत हो गई. जबकि एक अन्य घायल की स्थिति नाजुक बनी हुई है. दुर्घटना की सूचना गोपालपुर पुलिस द्वारा मृतक के परिजनों को दे दी गई. दोनों शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया. वहीं दूसरी ओर दुर्घटनाग्रस्त ट्रक अंधेरे का फायदा उठाकर तेज गति से परिचालन करते हुए भाग निकला. इस बाबत अज्ञात ट्रक चालक के विरुद्ध गोपालपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही थी.


