भागलपुर में एक तस्वीर बहुत तेजी से वायरल हो रही है। इसमें कहलगांव विधानसभा से भाजपा और कांग्रेस के प्रत्याशियों को कांग्रेस का घोषणा पत्र हाथ में लिए हुए दिखाया जा रहा है। कहलगांव से भाजपा के पवन यादव उम्मीदवार हैं जबकि कांग्रेस के प्रत्याशी शुभानन्द मुकेश हैं। इस तस्वीर को ‘हम साथ साथ हैं’ जैसे पंक्तियों के साथ सोशल मीडिया में खूब शेयर किया जा रहा है। अब इसे लेकर इलाके में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। इससे पहले भास्कर डिजिटल आपको बता रहा है कि आखिर इस वायरल तस्वीर की सच्चाई क्या है।
वायरल तस्वीर एक धार्मिक आयोजन की है
भास्कर डिजिटल ने जब इस तस्वीर की पड़ताल की तो सामने आया कि इसे एक धार्मिक कार्यक्रम के दौरान खींचा गया है। शनिवार को गोराडीह के तरछा में एक सत्संग कार्यक्रम का आयोजन था। इसी कार्यक्रम में शुभानन्द मुकेश के साथ पवन यादव भी शामिल हुए थे और वहीं सत्संग से संबंधित एक पुस्तक का विमोचन किया गया था। दोनों की सत्संग वाली असली तस्वीर नीचे आपको भास्कर दिखा रहा है।


मामले में क्या कहते हैं दोनों प्रत्याशी
कहलगांव में इस घटना को लेकर राजनीति गर्म हो गई है। इस वायरल तस्वीर को लेकर भाजपा प्रत्याशी पवन यादव के चुनावी अभिकर्ता जितेंद्र कुमार ने कहलगांव के निर्वाची पदाधिकारी और थानाध्यक्ष से लिखित शिकायत की है। उन्होंने कहा है कि एक साजिश के तहत इस तस्वीर को एडिट कर वायरल किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों से इस मामले में तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित सोशल मीडिया एकाउंट्स को बंद करने की मांग की है।

पवन यादव के एक करीबी नेता ने भास्कर को बताया कि इस तस्वीर को खुद शुभानन्द मुकेश ने अपने व्हाट्सएप्प ग्रुप में शेयर किया है। इस तरह से उन्होंने खुद भाजपा नेता के खिलाफ सोशल मीडिया पर नफरत फैलाने की कोशिश की है। जिसकी हम निंदा करते हैं और इसके खिलाफ कार्रवाई करेंगे।
इनसे नहीं हो सकी बात
इस मामले में भास्कर ने जब कांग्रेस प्रत्याशी शुभानन्द मुकेश से बात करने की कोशिश की तो उन्होंने चुनाव प्रचार में व्यस्त होने का हवाला दिया। भास्कर ने इस मामले में भागलपुर जिलाधिकारी से भी बात करने की कोशिश की लेकिन उनसे फ़ोन पर संपर्क नहीं हो सका।

