प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दिल में रखने का दावा करने वाले लोजपा प्रमुख चिराग पासवान ने भागलपुर की चुनावी सभा में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर जमकर हमला बोला। पीएम की ही शैली में उन्होंने पूछा- बोलिए, सीएम को बदलना चाहिए कि नहीं बदलना चाहिए। शुक्रवार को सैंडिस कंपाउंड में भागलपुर विधानसभा क्षेत्र से लोजपा प्रत्याशी राजेश वर्मा के समर्थन में आयोजित चुनावी सभा में चिराग पासवान करीब 25 मिनट बोले। 20 मिनट तक मुख्यमंत्री की नीतियों और कामकाज की आलोचना करते रहे। कहा, नीतीश कुमार अगले 10 नवंबर तक के लिए ही सीएम हैं। प्रथम चरण के चुनाव में लोजपा को भारी सफलता मिलेगी। लोजपा सुप्रीमो ने कहा कि सात निश्चय योजना में जमकर भ्रष्टाचार हुआ है। लोजपा की सरकार बनी तो योजनाओं की जांच कराई जाएगी। दोषियों को जेल भेजा जाएगा। बिहार के लोग शिक्षा और रोजगार के लिए पलायन कर रहे हैं।

Whatsapp group Join

बिहार को उस लायक बनाने की जरूरत है कि दूसरे राज्यों के लोग यहां शिक्षा और रोजगार के लिए आए। यहां के पर्यटन स्थलों का विकास कर रोजगार को बढ़ावा दिया जाएगा। कोटा में विद्यार्थी भी बिहारी होते हैं और शिक्षक भी बिहारी, मगर व्यवस्था राजस्थानी है। भागलपुर जैसे शहर को कोटा की तरह बनाया जाना चाहिए। यहीं के शिक्षक, यहां के विद्यार्थियों को यहां की व्यवस्था में पढ़ाएंगे। भागलपुर के सिल्क को राष्ट्रीय ही नहीं, अंतरराष्ट्रीय पहचान मिलनी चाहिए। मुख्यमंत्री की नीति ही नहीं है कि सिल्क उद्योग को बढ़ावा मिले। मुख्यमंत्री कहते हैं यहां समुद्र नहीं है, इसलिए उद्योग नहीं लग सकता है। लेकिन पंजाब, मध्य प्रदेश सहित अन्य राज्यों में समुद्र कहां है। वहां कैसे कल-कारखाने लग रहे हैं। सीएम की नीति विकास विरोधी है।

नीतीश की नीति बांटो और राज करो कीमुख्यमंत्री की तुलना अंग्रेजों से करते हुए चिराग ने कहा कि उनकी नीति है बांटो और राज करो। जातियों और उपजातियों में, पिछड़ों व अतिपछड़ों में, दलितों व महादलितों में बांटकर वह लोगों का वोट के रूप में इस्तेमाल करते हैं। बिहार में एक ही जाति है। वह है गरीबों की जाति। जरूरत गरीबों के उत्थान की है। इनको अच्छी शिक्षा और रोजगार देने की जरूरत है। बिहार फर्स्ट और बिहारी फर्स्ट के तहत राज्य का विकास करने के लिए लोजपा को सरकार बनाने का मौका यहां के लोग दें। इसके लिए लोजपा प्रत्याशी को वोट करें। आखिर में उन्होंने अपने पिता को याद किया और कहा कि अब वो इस दुनिया में नहीं हैं। मैं जंगल में अकेला एक शेर की तरह निकला हूं। आपका साथ चाहिए। इस मौके पर अमरपुर के लोजपा प्रत्याशी मृणाल शेखर भी उपस्थित थे।

सरकार बनी तो मिथिला में मां सीता का भव्य मंदिर बनवाएंगे:

चिरागलोजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने शुक्रवार को नवगछिया व जगदीशपुर में चुनावी सभा को संबोधित किया। उन्होंने गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र से पार्टी के प्रत्याशी सुरेश भगत के समर्थन में नवग​छिया में कहा कि बिहार में हमारी सरकार बनी तो अयोध्या के राम मंदिर की तर्ज पर मिथिला में सीता मां का भी मंदिर बनवाएंगे। बिहार व बिहारियों को फर्स्ट बनाने का संकल्प हम पूरा करेंगे। झूठे विकास का ढिंढोरा पीटने वाले का पर्दाफाश करेंगे। हम ऐसा बिहार बनाएंगे कि बाहर से लोग यहां आएंगे, यहां के लोगों को बाहर जाने की जरूरत नहीं होगी। वहीं जगदीशपुर के लोकनाथ उच्च विद्यालय में चिराग पासवान ने नाथनगर विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी अमर कुशवाहा के पक्ष में प्रचार किया। उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर जमकर निशाना साधा। कहा कि लोजपा की सरकार बनी तो सभी योजनाओं की जांच कराएंगे और नीतीश कुमार जेल में होंगे। उन्होंने शराबबंदी को विफल बताया और मुंगेर में प्रतिमा विसर्जन के दौरान फायरिंग मामले में भी नीतीश कुमार को दोषी ठहराया।

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *