बिहार में मौसम के बदलाव की परिस्थितियां तैयार हैं। शनिवार को राज्य के कई हिस्सों में गरज तड़क के साथ बारिश के आसार हैं। कुछ जगहों पर ओले गिर सकते हैं। राजधानी पटना में भी आंशिक बादल छाए रहेंगे और बूंदाबांदी हो सकती है। मौसम विज्ञान केंद्र पटना ने इस बाबत येलो अलर्ट जारी किया है।

पटना मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक विवेक सिन्हा ने कहा कि शुक्रवार की शाम में मौसम में बदलाव का असर चंपारण के इलाके में दिखने लगा है। अगले 24 घंटों से यह राज्यभर में विस्तार पाएगा। आंधी-पानी और गरज तड़क की स्थिति रहेगी। उत्तर पश्चिमी बिहार, उत्तर मध्य बिहार और उत्तर पूर्व बिहार में इसका असर ज्यादा दिखेगा। राज्य के बाकी हिस्सों में भी तेज हवा के साथ आंशिक बारिश हो सकती है। मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक पूर्वी उत्तर प्रदेश व उसके आसपास प्रति चक्रवात की स्थिति है। इधर, बिहार से होकर एक ट्रफ लाइन गुजर रही है जिससे मौसम में बदलाव होगा।

इधर, पिछले 24 घंटों में राज्य के अधिकतर शहरों के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई। पटना का अधिकतम पारा 26.6 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम 10.2 डिग्री सेल्सियस रहा। गया का अधिकतम तापमान 27.4 जबकि न्यूनतम 6.4 डिग्री, भागलपुर में अधिकतम 28 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 11.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पूर्णिया का अधिकतम तापमान 27.6 जबकि न्यूनतम तापमान 25.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वाल्मीकिनगर में अधिकतम 21.6 और न्यूनतम 11.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसमविदों का कहना है कि शनिवार को राज्य के कई हिस्सों में बादल छाए रहेंगे। अधिकतम पारे में गिरावट आएगी।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *