कहलगांव के बटेश्वर स्थान से कटरिया तक गंगा पर रेल पुल का निर्माण जल्द शुरू किया जाएगा। इसको लेकर शुक्रवार को पूर्व मध्य रेलवे के जीएम ललित चंद्र त्रिवेदी ने बटेश्वर स्थान में स्थल निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि पुल का निर्माण पीपीपी मोड अर्थात पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप के कराया जाएगा। जीएम ने कहा कि इस रेल लाइन के लिए ज्यादा जमीन अधिग्रहण की जरूरत नहीं है।
क्योंकि बटेश्वर तक पहले से रेल लाइन बिछाई गई है। बाकी हिस्सों के लिए जल्द ही जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि रेल पुल के समानांतर ही पैदल पुल का निर्माण कराने के लिए मंत्रालय को प्रस्ताव भेजा जाएगा। बाबा बटेश्वर स्थान की पूजा-अर्चना कर हमने भी इस परियोजना को जल्द प्रारंभ करा ने की प्रार्थना की है।

जीएम ने विक्रमशिला महाविहार का भी अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि भारत के प्राचीन गौरव का पन्ना है विक्रमशिला। जो लोग नालंदा घूमने आते है उन्हें एकबार विक्रमशिला महाविहार भी आना चाहिए। उनके साथ मालदा डिविजन के एडीआरएम सुजीत कुमार, सीनियर डिविजनल मैनेजर पवन कुमार,चीफ इंजीनियर मिथिलेश कुमार भी थे। निरीक्षण के बाद अफसरों की टीम भागलपुर रवाना हो गई।


