बिहपुर विधायक ईं. कुमार शैलेन्द्र ने बजट सत्र के दौरान शनिवार को खरीक पीएचसी को सीएचसी में अपग्रेड करने और स्त्री रोग विशेषज्ञ की प्रतिनियुक्ति का मामला उठाया। उन्होंने सदन को बताया कि गंगा व कोसी नदी के बीच स्थित 13 पंचायतों वाली खरीक प्रखंड में प्रसव के लिए एकमात्र पीएचसी है। जहां औसतन 300 से 400 मरीज आते हैं।
इसके अलावा रोज 20-25 महिलाओं का प्रसव होता है। लेकिन प्रसव पीड़िता के लिए मात्र 06 बेड ही है। इतना ही नहीं महिला चिकित्सक नहीं रहने के कारण महिलाओं को दिक्कत होती है। इस पर संबंधित विभाग के मंत्री मंगल पांडेय ने आश्वासन दिया कि अगले वित्तीय वर्ष में पीएचसी काे सीएचसी में अपग्रेड कर दिया जाएगा। वहां महिला चिकित्सकों की भी नियुक्ति की जाएगी। विधायक के इस पहल से इलाके में खुशी का माहौल है।

बता दें कि पीएचसी का सीएचसी में अपग्रेड होने के बाद यहां प्रसूती महिलाओं के लिए 30 बेड की व्यवस्था होगी। जिससे प्रसव के आने वाली महिलाओं को फर्श पर लेटने को विवश नहीं होना पड़ेगा। पीएचसी प्रभारी डॉॅ. नीरज कुमार सिंह, डॉ. संत कुमार निराला, डॉ. सरिता कुमारी, मैनेजर मधुकांत झा ने भी विधायक को धन्यवाद दिया है।


