नवगछिया एसडीओ अखिलेश कुमार के निर्देश पर नवगछिया सीओ विश्वास आनंद खरनई नदी का नापी कराकर अतिक्रमण करनेवालों को नोटिस देकर अतिक्रमणमुक्त कराने की कार्रवाई करेंगे।
Total Downloads: 371
नवगछिया शहर के बीचोबीच स्थित खरनई नदी के एक बड़े भाग का अतिक्रमण कर लोगों ने अपना घर बना लिया है। इसके अलावा नगर पंचायत द्वारा इसे कचरा डंपिंग जोन बना दिया गया है। वर्षों पूर्व यहां कोसी नदी की मुख्यधारा बहती थी और आसपास के कई जिले के लोग इस नदी में नाव द्वारा नवगछिया आवागमन करते थे और व्यापार भी होता था।
पूर्व के इतिहास में इसी नदी के धारा में बिहुला के सोने के नाव का परिचालन भी हुआ करता था जो आज के दौर में भी बूढ़े पुराने इस कोसी नदी की मुख्यधारा की कहानी को बयां करते हैं। उजानी से नवादा तक लगभग चार किलोमीटर तक कोसी नदी की मृत धारा को खरनई नदी कहा जाता है। नवगछिया बाजार के लिए खरनई नदी जल संचयन का सबसे बड़ा स्त्रोत है। मृतप्राय हो चुकी कोसी नदी में अभी भी सालों भर पानी रहता है। इस कारण नवगछिया शहर का वाटर लेवल काफी अच्छा है।

नवगछिया बाजार के बृद्धिजिवियों ने एसडीओ को आवेदन देकर खरनई नदी का अतिक्रमण कर घर बनाने वालों पर कार्रवाई करने की मांग की है। आवेदन में बताया गया है कि नवगछिया के कुछ लोगों द्वारा नदी में पिलर गाड़कर घर बनाया जा रहा है। एसडीओ अखिलेश कुमार ने बताया कि सीओ को स्थलीय जांच कर रिपोर्ट देने को कहा गया है। बुधवार को सीओ स्थलीय जांच करेंगे ।
उन्होंने कहा कि अतिक्रमण कर जिन्होंने अपना घर बना लिया है उसे नोटिस कर अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा। नदी की सफाई कराते हुए चोरों तरफ पौधरोपण किया जाएगा। नदी किनारे पार्क बनवाकर लोगों को बैठने के लिए बेंच लगाया जाएगा। जहां सुबह लोग मार्निंग वॉक के लिए जाएंगे और भविष्य में इसे रिवरफ्रंट बनाया जा सकता है।