नवगछिया : पैसे के लेनदेन में निजी फाइनेंसकर्मी की गोली मारकर उसके दोस्त ने हत्या कर दी। वारदात नवगछिया थाना क्षेत्र के सिमरा गांव में शुक्रवार रात करीब 12 बजे घर से 200 मीटर की दूरी पर एक बगीचे की है। जहां इसी गांव के निवासी महेश झा के पुत्र आलोक झा उर्फ आकाश (27 वर्ष) की हत्या कर दी गई। हमलावरों ने आलोक के ललाट के दायीं ओर एक गोली मारी है। उसके चेहरे पर भी जख्म के कई निशान हैं। घटनास्थल के पास आलोक और आरोपी युवक इसी गांव के चीकू टाइगर की बाइक पड़ी थी। शनिवार सुबह ग्रामीणों ने शव देखा तो परिजनों को सूचना दी। इसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे। घटना की जानकारी पर एसडीपीओ दिलीप कुमार और थानेदार राजकुमार सिंह मौके पर पहुंचे और मामले की जांच की।

पुलिस ने दो खोखा और मृतक की जेब से उसका मोबाइल भी बरामद किया है। ग्रामीणों ने मील टोला के पास अपराधियों की गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया। कुछ देर बाद गोपालपुर विधायक गोपाल मंडल मौके पर पहुंचे और लोगों को समझा-बुझाकर जाम हटवाया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया। एसडीपीओ ने बताया कि मृतक की पत्नी के बयान पर चीकू टाइगर, मिक्कू झा सहित तीन पर केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने मिक्कू झा को गिरफ्तार कर लिया है। एसपी एके सरोज ने बताया कि अन्य की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

रात 8 बजे रिश्तेदार को स्टेशन छोड़ने गया था आलोक

आलोक की पत्नी पत्नी श्वेता कुमारी ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार रात 8:00 बजे पति एक रिश्तेदार को स्टेशन छोड़ने गए थे। रात 10:00 बजे तक नहीं लौटे तो मैंने उन्हें फोन किया। पति ने बताया कि वे चीकू के साथ हैं। फिर 12:05 बजे फोन किया तो कहा कि थोड़ी देर में आ रहे हैं। इसके बाद उनका मोबाइल रिसीव नहीं हुआ। जब चीकू को फोन किया तो उसका मोबाइल ऑफ था। सुबह घर आकर गांव के दो लड़कों ने आलोक का शव बगीचे में होने की सूचना दी। वहीं आलोक के पिता ने बताया कि बेटा चीकू के साथ ही बजाज फाइनेंस में काम करता था। आलोक का 30-35 हजार रुपए चीकू के पास था। पैसे मांगने पर चीकू टालमटोल कर रहा था। मुझे विश्वास है कि इसको लेकर ही चीकू ने अपराधियों के साथ मिलकर बेटे की हत्या कर दी।

घटनास्थल से कर्मी व आरोपी की बाइक मिली, 3 पर केस दर्ज, एक धराया

नवगछिया में बढ़ता अपराध चिंता का विषय : गोपाल मंडल
विधायक गोपाल मंडल ने कहा कि लड़के के यार दोस्तों ने ही उसका कत्ल कर दिया। उन्होंने पुलिस और ग्रामीणों से अपील की कि अगर आप लोग आरोपी का नाम जानते हैं तो हमको भी बताइएगा। हम भी देखेंगे की हत्या करने वाला वह कितना बड़ा अपराधी है। उन्होंने कहा कि शुक्रवार की रात भागलपुर के वरीय पुलिस अधिकारियों के साथ बैठा था। हमने नवगछिया में अपराध नियंत्रण को लेकर चिंता जाहिर की थी। विधायक ने कहा कि मृतक के परिवार को मुआवजा दिलवाने के लिए डीएम से बात की, लेकिन हत्या मामले में चार लाख मुआवजे का प्रावधान नहीं है। इसलिए परिजनों को 50 हजार से एक लाख रुपए का मुआवजा दिलवाने का प्रयास कर रहे हैं। विधायक ने कहा कि इसके लिए वे मुख्यमंत्री को पत्र लिखेंगे।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *