रंगरा : महज 22 दिन पहले शादी कर ससुराल आई नवविवाहिता की ससुराल वालों ने उसे जहर देकर मार डाला। पति सहित उसके परिजन दहेज में बाइक की मांग कर रहे थे। मायके वालों ने देने में असमर्थता जताई तो दहेज लोभियों ने उसे मौत के घाट उतार दिया। दिल दहलाने वाली यह घटना रंगरा थाना क्षेत्र के ज्ञानीदास टोला में शनिवार दोपहर करीब डेढ़ बजे की है। जहां इसी गांव के शिवम कुमार उर्फ शिवा मंडल की पत्नी खुशबू देवी (20 वर्ष) की हत्या कर दी गई। ग्रामीणों की सूचना पर खुशबू की दादी खरीक के उस्मानपुर निवासी समतोला देवी और परिजन उसके ससुराल पहुंचे।

इसके बाद पुलिस को इसकी सूचना दी। घटना की जानकारी पर रंगरा थानाध्यक्ष महताब खान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और महिला के ससुराल व मायके वालों से पूछताछ की। दादी ने खुशबू के पति शिवम कुमार उर्फ शिवा मंडल, ससुर नरेश मंडल और सास दुखनी देवी के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने पति को गिरफ्तार कर लिया है। इसके बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल में कराने के बाद मायके वालों को सौंप दिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार महिला के पति से पूछताछ की जा रही है। पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों बिंदुओं पर मामले की जांच कर रही है।

22 दिन पूर्व हुई थी शादी, बाइक नहीं मिली तो महिला काे मार डाला

दादी बोलीं- खुशबू के ससुराल जाते ही दहेज में बाइक की मांग कर रहे थे ससुराल वाले

खुशबू की दादी समतोला देवी ने पुलिस को दिए आवेदन में कहा है कि 16 अप्रैल को उसकी शादी शिवम से हुई थी। शादी के बाद खुशबू अपनी ससुराल पहुंची। इसके बाद दूसरे दिन से ही पति सहित ससुराल वाले बाइक की मांग करने लगे।

जब हमने बाइक देने में असमर्थता जताई तो खुशबू के पति और उसके परिजन उसे प्रताड़ित करने लगे। इसकी जानकारी खुशबू ने हमें फोन पर दी थी। तब हमने ससुराल वालों से विनती की थी कि हमारी आर्थिक स्थित ऐसे नहीं है कि बाइक दे सकें। अंतत: दहेज लोभियों ने मेरी पोती की जान ले ली। उसकी हत्या के बाद मायके वालों का रो-रोकर बुरा हाल था।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *