पूरे बिहार में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। 19 जून तक पटना सहित राज्य के अधिकतर हिस्सों में कहीं मूसलाधार तो कहीं मध्यम बारिश होगी। इस दौरान वज्रपात की भी आशंका है। इसको लेकर मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है। इसके अलावा उत्तर-पश्चिम बिहार के जिलों पश्चिम चंपारण, सीवान, सारण, पूर्वी चंपारण और गोपालगंज में 16 जून यानी बुधवार को भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है।
Total Downloads: 464
वहीं मंगलवार को लगभग पूरे बिहार में बारिश हुई। दक्षिण-पूर्व, उत्तर-मध्य, उत्तर पश्चिम बिहार के जिलों में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश दर्ज की गई। मानसून की अति सक्रियता का अलम यह है कि बिहार में 15 जून तक सामान्य से 92 फीसदी अधिक यानी 111 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है। मंगलवार दोपहर तक सबसे अधिक बारिश चनपटिया और रामनगर में दर्ज की गई है। इन दोनों जगहों पर 280-280 मिलीमीटर बारिश हुई है।

दक्षिण-मध्य बिहार के जिलों पटना, गया, नालंदा, शेखपुरा, नवादा, बेगूसराय व लखीसराय सहित विभिन्न जिलों में अधिकतर स्थानों पर बुधवार को मेघ गर्जना के साथ बारिश होगी। साथ ही आकाशीय बिजली गिर सकती है। इसको लेकर मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट यानी सतर्क रहने की चेतावनी जारी की है। वहीं गुरुवार से शनिवार तक एक-दो स्थानों पर बारिश होगी। उधर, राजधानी पटना में मंगलवार को दिनभर रुक-रुक बारिश होती रही। जिसकी वजह से जन-जीवन प्रभावित हुआ। खासकर निचले इलाकों में जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। वहीं कई इलाकों में मुख्य सड़कों पर भी पानी जमा हो गया है।
इस कारण हो रही बारिश
मौसम विभाग के अनुसार झारखंड और बिहार के ऊपर एक निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसके अलावा एक ट्रफ लाइन उत्तर-पश्चिम राजस्थान से बिहार होते हुए बंगाल की खाड़ी तक गई है। इन मौसमी कारणों से बिहार में बारिश हो रही है।
यहां हुई सबसे अधिक बारिश
रामनगर 280 मिमी
चनपटिया : 280 मिमी
बगहा : 210 मिमी
गौनाहा : 160 मिमी
केसरिया : 130 मिमी

