नवगछिया : खरीकलगातार हो रही मानसूनी बारिश से प्रखंड की सड़कों का बुरा हाल है। गांव से लेकर बाजार की सड़कों पर जलजमाव की समस्या उत्पन्न हो गई है। जिसके कारण इलाके में जलजनित बीमारी फैलने की प्रबल संभावना बढ़ गई है। उर्दू चौक से खरीक बाजार जाने वाली मुख्य सड़क पर कार्तिक मंदिर के पास 10 दिन से घुटनेभर पानी जमा है। इससे यह सड़क तलाब में तब्दील हो गई है।
Total Downloads: 376
जलजमाव के कारण अब दुर्गंध उठने लगी है। इससे बाजार के व्यवसायियों समेत आम लोगों को काफी दिक्कत हो रही है। लोग घुटनेभर पानी से होकर गुजरने को विवश हैं। यह प्रखंड का इकलौता बाजार है। जहां जाने के लिए यही सड़क एकमात्र विकल्प है। बावजूद इसके जल निकासी के लिए अब तक प्रशासन की ओर से कोई पहल नहीं की गई है। लोगों का कहना है समस्या के निदान के लिए अफसरों से लेकर जनप्रतिनिधियों तक गुहार लगा चुके हैं, लेकिन कोई पहल नही की गई।

नाली नहीं बनने से जमा हो रहा है पानी
सात निश्चय योजना के तहत इस सड़क के दोनों ओर नाली निर्माण के लिए प्रस्ताव पारित है। लेकिन अब तक इसका निर्माण की बात तो दूर इसके लिए टेंडर भी नहीं हुआ है। लोगों का कहना है कि अगर नाली का निर्माण हो गया होता तो यह समस्या नहीं आती। लोगों का यह भी कहना है कि अब तो पूरे बरसात यही स्थिति बनी रहेगी।

