नवगछिया। भागलपुर डीएम सुब्रत कुमार सेन ने सोमवार को गोपालपुर एवं रंगरा प्रखंड के बाढ़ प्रभावित गांवों का निरीक्षण किया। डीएम ने रंगरा अंचलाधिकारी को तत्काल बाढ़ पीड़ितों के खाते में जीआर राशि भेजने का निर्देश दिया। साथ ही अनुमंडल पदाधिकारी को रंगरा प्रखंड में बाढ़ पीड़ितों को समुचित लाभ मिले, इसके लिए समीक्षा करने को कहा।
Total Downloads: 368
उन्होंने कहा कि रंगरा प्रखंड मुख्यालय ही बाढ़ के पानी से डूबा हुआ है इसलिए यहां पर भी हर गांव के बाढ़ पीड़ितों को लाभ मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर फिर यहां से शिकायत मिली तो कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि वार्ड स्तर पर लोगों का आधार कार्ड एवं अन्य कागजात लेकर उनके जीआर भराकर भुगतान करें।

वहीं जिला पदाधिकारी ने इस्माईलपुर-बिंद टोली के बीच डिमाहा गांव के पास ध्वस्त हुए तटबंध का निरीक्षण किया। तटबंध को सुरक्षित एवं फिर से उस पर यातायात व्यवस्था चालू हो, इसके लिए उन्होंने साथ में चल रहे नवगछिया बाढ़ नियंत्रण कार्यालय के कार्यपालक अभियंता अनिल कुमार से जानकारी ली। उन्होंने कहा कि यह तटबंध फिर से ठीक हो जाए, इसको लेकर प्रक्रिया प्रारंभ हो।
उन्होंने कहा कि तटबंध सुरक्षित रखने के लिए आगे क्या व्यवस्था है। उस पर भी उन्होंने जानकारी ली। साथ ही तटबंध पर विशेष निगरानी बनी रहे कि फिर ऐसी घटना न हो इसके लिए भी उन्होंने आवश्यक निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान वरीय उप समाहर्त्ता, नवगछिया एसपी सुशांत कुमार सरोज, नवगछिया एसडीओ ई अखिलेश कुमार मौजूद थे।

