नवगछिया। गंगा के जलस्तर में वृद्धि होने के बाद फिर से अलग-अलग इलाकों में बाढ़ का पानी घरों एवं दरवाजों पर पहुंचने लगा है। मालूम हो कि पिछले एक पखवारे से बाढ़ के कारण लोग परेशान हो चुके थे। लेकिन अचानक जलस्तर में कमी होने के बाद बाढ़ की स्थिति में सुधार हुआ था। धीरे-धीरे लोग अपने-अपने घरों में पहुंचने लगे थे।
लेकिन पिछले 5 दिनों से गंगा के जलस्तर में लगातार वृद्धि होने से फिर से सड़क एवं घरों पर पानी पहुंचने लगा है। इस्माईलपुर, गोपालपुर के कई सड़कों पर पानी हो जाने से बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो गयी है। पहले ही प्रखंड मुख्यालय से लेकर अन्य जगहों पर बाढ़ की स्थिति के कारण कार्यालय अन्यत्र जगहों पर चलाया जा रहा है।

ऐसे यहां के प्रखंड विकास पदाधिकारी बताते हैं कि हमलोग यहां पर पानी सूखने का इंतजार कर रहे थे। लेकिन फिर से बाढ़ का पानी आने के कारण स्थिति खराब होने लगी है। वही अंचलाधिकारी ने बताया कि बाढ़ के कारण लोगों की स्थिति भयावह है। हमलोग इस पर निगरानी कर रहे हैं।


