प्रखंड की रायपुर पंचायत स्थित तेलडीहा की कोसी उपधार में मंगलवार सुबह पौने सात बजे छात्र-छात्राओं से भरी नाव पलट गयी। इसमें एक छात्र और एक छात्रा डूब गये। छात्र-छात्राएं नाव पर सवार होकर ट्यूशन पढ़ने पहाड़पुर जा रहे थे। खोजबीन में जुटी एसडीआरएफ की टीम ने तीन बजे छात्रा के शव को बरामद कर लिया। वहीं, छात्र की तलाश जारी थी। नाव पर क्षमता से अधिक लोग सवार थे।

नाव पर सवार छात्र रवि कुमार, अमित कुमार, अभिलाषा कुमारी सहित अन्य ने तैरकर अपनी जान बचायी। रवि कुमार ने बताया कि लापता छठी कक्षा के छात्र मृत्युंजय कुमार उर्फ मित्तन (12) पिता अखिलेश शर्मा व छात्रा दसवीं कक्षा की सुमन कुमारी (15) पिता यदुनंदन शर्मा की पुत्री थी। मित्तन तैर रहा था जिसे सुमन ने पकड़ लिया। सुमन तैरना नहीं जानती थी। इस क्रम में दोनों डूब गये।

घटना की सूचना मिलने पर भवानीपुर पुलिस, सीओ अजय सरकार व बीडीओ हरिमोहन कुमार घटनास्थल पर पहुंचे और स्थानीय गोताखोर से डूबे छात्रों की खोजबीन करवायी। बाद में एसडीआरएफ की टीम ने मोर्चा संभाला और दोपहर बाद तीन बजे छात्रा का शव बरामद किया। सीओ अजय सरकार ने बताया कि कोसी में जलस्तर बढ़ने पर तेलडीहा गांव को एक नाव दी गई थी, जो लगभग तीन महीने तक चलती है। कोसी की उपधार में तेज करंट होने और पूरवा हवा चलने से नाव अनियंत्रित होकर पलट गयी। ग्रामीणों ने बताया कि नाव पर 20-22 लोग सवार थे। उनमें 17 छात्र-छात्राएं थी, जो ट्यूशन पढ़ने के लिए हर दिन पहाड़पुर जाते थे। दोनों लापता छात्र-छात्रा के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। घटना की जानकारी मिलते ही प्रमुख प्रतिनिधि मंटु यादव, जिला परिषद प्रतिनिधि भारतेन्दु मिश्रा, मुखिया ईशो यादव, पंचायत समिति सदस्य प्रतिनिधि कृष्णदेव शर्मा सहित नारायणपुर, आशाटोल, रायपुर, कुशहा, पहाड़पुर, पैंकात सहित अन्य गांव के सैकड़ों लोग घटनास्थल पर पहुंच गये।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *