संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षा में टॉपर बनने के बाद रविवार की शाम शुभम कुमार पहली बार अपने गांव कदवा प्रखंड के कुम्हरी पहुंचे। बागडोगरा से सड़क मार्ग होते हुए वे गांव आये जहां बड़ी संख्या में लोगों ने ढोल नगाड़े बजाकर, आरती उतारकर और फूल बरसाकर उनका स्वागत किया।
घर में प्रवेश करते ही मां पूनम सिंह ने शुभम को तिलक लगाया। शुभम ने माता-पिता का चरण छूकर आशीर्वाद लिया और मंदिर जाकर पूजा अर्चना की। इस दौरान उनके साथ पूर्णिया के एसडीसी अनुपम कुमार, सहरसा के डीएसपी ब्रह्मदेव मेहता भी थे। वहीं बाद में सांसद दुलालचन्द्र गोस्वामी ने भी कुम्हरी पहुंचकर शुभम से बातचीत की और उन्हें शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।
सांसद ने इस दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से उनकी बात मोबाइल पर करायी। शुभम को मुख्यमंत्री ने सफलता के लिए बधाई दी और कहा कि यह कटिहार के लिए नहीं बल्कि पूरे बिहार के लिए गौरव की बात है। सीएम ने शुभम के पिता देवानंद सिंह व माता पूनम सिंह से भी बातचीत की।


परिवार से हर कदम पर मिली मदद : शुभम ने हिन्दुस्तान से बातचीत में कहा कि इस सफलता से अपने पापा, मम्मी, चाचा-चाची का सपना पूरा किया है। मुझे लगातार घर परिवार से मदद मिली है। अपने परिश्रम और पढाई के लिए लगातार मुझे मेरे परिवार मेहनत के लिए प्रेरित करते रहे। शुभम ने कहा कि देश में समस्या है पर देश में लगातार विकास से बदलाव भी हो रहा है। उन्होंने कहा कि कोरोना काल के बाद देश की आर्थिक स्थिति बिगड़ी जरूर है पर कई योजनाएं भी चल रही हैं। युवाओं को जोश के साथ उन योजनाओं में क्रियाशील होना होगा तब जाकर देश की हालत सुधरेगी। गांव से लेकर देश से मेहनती छात्रों के लिए हमारा संदेश होगा कि लक्ष्य के लिए हमेशा प्रेरित रहें। सफलता एक दिन जरूर कदम चूमेगी। मेहनत के बल पर कोई भी मुकाम प्राप्त किया जा सकता है।

फूले नहीं समा रहे गांव के लोग, एक झलक देखने को लगी भीड़ : रविवार को गांव में ऐसा माहौल रहा कि टॉपर शुभम के पीछे पीछे हजारों की भीड़ चल पड़ी। ग्रामवासी आसपास के पूरे क्षेत्र के लोग फूले नहीं समा रहे थे। एक झलक देखने के लिए लोगों की भीड़ जुट गई। शुभम के आगमन को लेकर बारसोई के एसडीएम राजेश्वरी पांडेय, प्रखंड विकास पदाधिकारी जुल्फिकार आदिल लगातार साथ लेकर सुरक्षा व्यवस्था में जायजा लेते रहे। थानाध्यक्ष रंजय कुमार सिंह द्वारा चौक चौराहों पर और शुभम के घर पर पुलिस बल की तैनाती की गयी थी। स्वागत समारोह में पूर्व मंत्री हिमराज सिंह, डॉ. एमआर हक, राजद प्रखंड अध्यक्ष सुरेश यादव, कांग्रेस अध्यक्ष प्रेम राय समेत अन्य लोगों ने पुष्पगुच्छ देकर शुभम को बधाई दी।

